उत्तरी दिल्ली में प्रत्येक 3 किलोमीटर पर बनाए जाएंगे स्मार्ट चार्जिंग स्टेशन
Delhi Electric Vehicle उत्तरी निगम के स्थायी समिति अध्यक्ष छैल बिहारी गोस्वामी ने बताया कि इससे संबंधित प्रस्ताव को स्थायी समिति ने मंजूरी दे दी है। जिसके बाद स्मार्ट चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का रास्ता खुल गया है।
नई दिल्ली [निहाल सिंह]। दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी के साथ-साथ स्थानीय निकायों में शुमार उत्तरी दिल्ली नगर निगम इलाके में भी इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए बढ़ा फैसला लिया है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने प्रत्येक तीन किलोमीटर क्षेत्र में स्मार्ट चार्जिंग स्टेशन बनाने का फैसला लिया है। यहां पर न केवल ई-वाहनों को चार्ज किया जा सकेगा बल्कि उनको चार्जिंग करने में भी कम समय लगेगा।
इस बाबत उत्तरी निगम के स्थायी समिति अध्यक्ष छैल बिहारी गोस्वामी ने बताया कि इससे संबंधित प्रस्ताव को स्थायी समिति ने मंजूरी दे दी है। जिसके बाद स्मार्ट चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का रास्ता खुल गया है। छैल बिहारी गोस्वामी ने बताया कि यह चार्जिंग स्टेशन दिल्ली की सड़कों के किनारे के साथ पेट्रोल पंप के आस-पास होंगे। उन्होंने बताया कि इन स्टेशन पर तेज गति से बैट्री को चार्ज करने या फिर डिस्चार्ज हुई बैट्री के बदले चार्ज की हुई बैट्री लगाने की सुविधा होगी।
स्थायी समिति के अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने ई-वाहनों को बढ़ाने के लिए काफी कदम उठाए हैं। ऐसे में आने वाले समय में इन वाहनों की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी होगी। पर्यावरण संरक्षण के लिए निगम आगे होकर कार्य कर रहा है। इसे तहत ही हमने प्रत्येक तीन किलोमीटर क्षेत्र पर इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि इन चार्जिंग स्टेशन पर कॉफी हाउस भी बनाए जाएंगे। ताकि वाहन चार्जिंग के दौरान नागरिक इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।