बहन ने भाई को उतारा मौत के घाट,रेहड़ी लगाने को लेकर हुआ था विवाद
बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान अशोक की मौत हो गई। वारदात के बाद से आरोपी फरार हैं।
गाजियाबाद, जेएनएन। गाजियाबाद जिले के विजयनगर में खाने का ठेला लगाने के विवाद में बहन ने अपने ही भाई की जान ले ली। 11 जनवरी को बहन ने दामाद के साथ मिलकर अपने भाई की पिटाई कर दी थी। बृहस्पतिवार को पिटाई से बुरी तरह घायल भाई की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल युवक को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
विजयनगर थानाक्षेत्र के भूड़ भारत नगर कालोनी में रहने वाले अशोक (35) खाने का ठेला लगाकर अपना परिवार पालते थे। अशोक की पत्नी मधु ने बताया कि अशोक की बड़ी बहन पुष्पा पुराना विजयनगर में रहती है। मधु ने बताया कि उसकी पुष्पा अशोक को ठेला लगाने की जगह से हटाने की धमकी अक्सर देती थी। 11 जनवरी को शाम सात बजे मधु और अशोक ठेले पर खाना बनाकर बेच रहे थे। उसी समय पुष्पा, उसकी बेटी ममता, पूजा, दामाद अमित और दो अन्य लोगों को लेकर आई और अशोक पर लोहे की राड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के चलते उसके पति के सिर में गंभीर चोटें आ गई। मधु ने जब बीच-बचाव किया तो उसकी भी पिटाई की।
आसपास के लोग आए गए तो आरोपित वहां से फरार हो गए। इसके बाद मधु ने लोगों की सहायता से अपने पति अशोक को एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी हालत को गंभीर देखते हुए जीटीबी दिल्ली रेफर कर दिया गया। मधु का कहना है कि तभी से उसके पति का इलाज चल रहा था। बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान अशोक की मौत हो गई। वारदात के बाद से आरोपी फरार हैं।