सुप्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा ने पाकिस्तानी कलाकारों के बारे में कही ये बड़ी बातें, जानें
सुप्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा ने कहा कि पाकिस्तानी कलाकारों पर भारत में पूरी तरह से प्रतिबंध लगा देना चाहिए।
रेवाड़ी, जेएनएन। सुप्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा ने कहा कि पाकिस्तानी कलाकारों पर भारत में पूरी तरह से प्रतिबंध लगा देना चाहिए। भारत में कलाकारों की कोई कमी नहीं है। संगीत का जन्म भारत ही हुआ था, इसलिए यह हमारे रोम-रोम में है। लक्खा सेक्टर चार स्थित स्टेशन उपाधीक्षक वाणिज्य राजेश भार्गव के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
लक्खा ने कहा कि पाकिस्तानी कलाकार भारत में आकर खाते हैं और फिर हमारे देश को ही नीचा दिखाने का घटिया काम करते हैं। पुलवामा हमले के बाद मेरा मन भी बेहद दुखी है लेकिन युद्ध जैसी स्थिति अभी नहीं आनी चाहिए। हमें देश की आंतरिक सुरक्षा व सीमा की सुरक्षा को और मजबूत करने की जरूरत है।
राममंदिर की जगह मिले
लक्खा ने कहा कि राममंदिर का मुद्दा अब और अधिक खींचने की जरूरत नहीं है। भगवान राम के मंदिर की जगह हिंदुओं को ही मिलनी चाहिए व मस्जिद के लिए अलग जगह दी जाए। बोले कि पंजाब में नशे की समस्या ने युवाओं को खोखला कर दिया है। सरकार को इस पर काम करने की जरूरत है।
मोदी को मिले दोबारा मौका
लक्खा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बेहतर काम कर रहे हैं। देश उनके नेतृत्व में विकास कर रहा है। प्रगति के नए मार्ग खुल रहे हैं, उन्हें एक और मौका मिलना चाहिए।