विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Metro Commuters Alert: ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवा बाधित, कम नही हो रही यात्रियों की समस्याएं

By Mangal YadavEdited By:
Published: Wed, 30 Jun 2021 05:28 PM (IST)Updated: Wed, 30 Jun 2021 06:22 PM (IST)

दिल्ली मेट्रो के ब्लू लाइन पर बुधवार सुबह सिग्नल की समस्या के कारण कुछ देर के लिए ट्रेन परिचालन पर ...और पढ़ें

Delhi Metro के ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवा बाधित
Delhi Metro के ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवा बाधित

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली मेट्रो के ब्लू लाइन पर बुधवार सुबह सिग्नल की समस्या के कारण कुछ देर के लिए मेट्रो ट्रेन परिचालन पर असर पड़ा। दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) के अधिकारियों का कहना है कि लगभग 15 मिनट में समस्या दूर कर ली गई थी। उसके बाद ट्रेनों की आवाजाही सामान्य हो गई थी। इस लाइन पर मेट्रो सेवा रविवार सुबह भी कुछ समय के लिए बाधित रही थी। डीएमआरसी के अनुसार, द्वारका और द्वारका सेक्टर-21 के बीच सिग्न¨लग केबल (लगभग 150 मीटर) का एक हिस्सा चोरी होने के कारण मेट्रो सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित रही थी। ब्लू लाइन दिल्ली के द्वारका को नोएडा और गाजियाबाद के वैशाली को जोड़ती है।

इस महत्वपूर्ण मेट्रो लाइन से रोजाना लाखों लोग सफर करते हैं। मेट्रो सेवा कुछ देर के लिए बाधित रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि कोरोना संक्रमण की वजह से इन दिनों मेट्रो में क्षमता के सिर्फ दस फीसद यात्रियों को सफर करने की अनुमित है। यात्री एक सीट छोड़कर बैठते हैं और किसी को खड़े होकर सफर करने की अनुमति नहीं मिलती है। इस वजह से सफर करने के लिए यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ रहा है।

राजीव चौक स्टेशन पर मेट्रो के लिए एक घंटे का इंतजार

मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों की परेशानियां कम होती नहीं दिख रही है। यात्री व्यस्त समय में देर तक लाइन में लगने को मजबूर हो रहे हैं। मंगलवार को राजीव चौक स्टेशन पर यात्रियों को मेट्रो के लिए एक घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा था। इस वजह से स्टेशन के बाहर गेट नंबर सात के पास यात्रियों की लंबी लाइन लग गई। पिछले कुछ दिनों से इस स्टेशन पर अक्सर शाम छह बजे के बाद यात्रियों को 30 से 40 मिनट तक लाइन में लगना पड़ता है। मंगलवार को यह वेटिंग बढ़कर एक घंटे तक हो गई। रात करीब नौ बजे तक यह स्थिति बरकरार रही।

इसके बाद राजीव चौक स्टेशन पर यात्रियों का आवागमन सामान्य हुआ। दरअसल, अभी मेट्रो का परिचालन बैठने की 50 फीसद क्षमता के साथ हो रहा है। यात्रियों को खड़े होकर सफर करने की स्वीकृति नहीं है। राजीव चौक येलो लाइन (समयपुर बादली-हुडा सिटी सेंटर) व ब्लू लाइन (द्वारका सेक्टर 21-इलेक्ट्रानिक सिटी नोएडा/वैशाली) के साथ इंटरचेंज स्टेशन है। शाम को दफ्तर बंद होने के बाद राजीव चौक स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यात्रियों को स्टेशन के बाहर ही रोक दिया जाता है।