कोरोना संक्रमितों को भोजन की व्यवस्था कर रही श्री महाकाल रसोई, आप भी फोन कर ले सकते हैं मदद
दिल्ली के यमुनापार स्थित बाबरपुर में श्री महाकाल रसोई के सदस्य कोरोना संक्रमितों को दो समय के भोजन की व्यवस्था करवा रहे है। लाकडाउन के चलते करीब 17 दिन से नियमित रूप से लोगों की मदद की जा रही है।
नई दिल्ली [पुष्पेंद्र कुमार]। कोरोना संक्रमण के बढ़ते स्तर के कारण राजधानी की स्थिति काफी भयानक होती जा रही है। हर दिन कोरोना का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। रोजाना कोई न कोई कोरोना महामारी से ग्रसित हो कर अस्पताल में भर्ती हो रहा है, इस बीच दूसरी तस्वीर भी सामने आ रही है। जहां दिल्ली के यमुनापार स्थित बाबरपुर में श्री महाकाल रसोई के सदस्य कोरोना संक्रमितों को दो समय के भोजन की व्यवस्था करवा रहे हैं। लाॅकडाउन के चलते करीब 17 दिन से नियमित रूप से लोगों की मदद की जा रही है।
श्री महाकाल रसोई के संस्थापक अशोक शर्मा (बंटी) ने बताया कि उनकी टीम में 15 सदस्य है। हर साल श्री महाकाल के नाम से कांवड़ लाते हैं। पिछले साल जब कोरोना की पहली लहर आई थी तब भी उन्होंने लोगों की मदद की थी। पिछले साल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि तब 51 दिनों तक उन्होंने अलग-अलग जगहों पर जाकर जरूरतमंदों को खाने की पैकेट दिए थे। संगठन के सदस्यों उन दिनों करीब सात सौ से लेकर आठ सौ लोगों भोजन की व्यवस्था की थी।
कोरोना संक्रमितों के घर पहुंचा रहे भोजन
इस बार कोरोना संक्रमित अपने घरों में रहकर ही खुद से इलाज कर रहे है। ऐसे में उनको भोजन का संकट न हो इसके लिए श्री महाकाल रसोई के सदस्य उनके घर जाकर भोजन के पैकेट देते है। ताकि इलाज के दौरान उनको ठीक से भोजन मिल सके। साथ ही उन्होंने कहा कि इस कार्य में संस्था के सदस्य खुद से ही रुपये एकत्रित करते हैं। जो रुपये एकत्रित होते हैं उससे खाद्य सामग्री खरीदकर लाते हैं। क्षेत्र के कई समाजसेवी ऐसे हैं जो खुद से खाद्य सामग्री संगठन के दे देते हैं।
मदद के लिए संस्था ने जारी किया है नंबर
अशोक शर्मा ने बताया कि बाबरपुर में आस पास के ज्यादा से ज्यादा लोग श्री महाकाल रसोई की मदद ले सके इसके लिए इसके लिए संगठन ने (9560145095) नंबर जारी कर रखा है। इस नंबर का जारी करने का उद्देश्य सिर्फ इतना है कि अगर कोई परिवार कोरोना से संक्रमित है और वो इस नंबर पर फोन कर मदद मांगते हैं तो टीम के सदस्य उनके घर भोजन पहुंचाने का काम करते हैं।
खुद से भोजन बनाते है टीम के सदस्य
उन्होंने बताया कि श्री महाकाल रसोई ने कोई हलवाई नहीं रखा है यहां टीम के सदस्य आपस में मिलकर ही भोजन तैयार करते है। भोजन तैयार करते समय सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। कोरोना करीब 50 के आस पास संक्रमित परिवारों को भोजन के पैकेट बांटे जा रहे हैं। भोजन तैयार करते समय टीम के सदस्य हाथों को सैनिटाइज कर भोजन की पैकिंग करते है। इस कार्य में शारीरिक दूरी का विशेष रूप से ध्यान रखा जा रहा है।