इस शहर से शशि कपूर को था खास लगाव, 50 साल पुराना था रिश्ता
ऋतु शशि कपूर के बड़े भाई शो मैन राजकपूर की बेटी हैं और फरीदाबाद के प्रसिद्ध एस्कॉर्ट्स ग्रुप के चेयरमैन राजन नंदा की पत्नी हैं।
फरीदाबाद [जेएनएन]। दादा साहब फाल्के पुरस्कार सम्मानित सिने अभिनेता शशि कपूर का औद्योगिक नगरी फरीदाबाद से भी करीब 50 साल पुराना नाता रहा है। लंबी बीमारी के बाद उनके निधन से जहां देश भर के सिनेमा प्रेमी दुखी हैं वही फरीदाबाद में सिनेमा प्रेमियों के साथ दुखी होने वालों में उनकी प्रिय भतीजी ऋतु नंदा भी हैं।
ऋतु शशि कपूर के बड़े भाई शो मैन राजकपूर की बेटी हैं और फरीदाबाद के प्रसिद्ध एस्कॉर्ट्स ग्रुप के चेयरमैन राजन नंदा की पत्नी हैं। ऋतु और राजन का विवाह 1969 में हुआ था तभी से कपूर खानदान का नंदा परिवार से रिश्ता जुड़ा हुआ है।
भतीजी ऋतु से बहुत प्यार करते थे शशि कपूर
एस्कॉर्ट्स ग्रुप से पुराने जुड़े लोगों का कहना है कि शशि कपूर अपनी भतीजी ऋतु से बहुत प्यार करते थे। वे जब भी दिल्ली आते थे तभी ऋतु से मिलने उनके नई दिल्ली स्थित निवास पर अवश्य जाते थे। ऋतु के बेटे निखिल नंदा की शादी बच्चन परिवार में कराने में भी शशि कपूर का अहम रोल था।
बच्चन परिवार से रिश्ता
बता दें, निखिल नंदा का विवाह सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की पुत्री श्वेता बच्चन के साथ हुआ था। इस वर्ष 15 अक्टूबर को जब राजन नंदा का 75 वां जन्म दिन था तो शशि कपूर ने अपनी बीमारी के बावजूद भी दामाद को शुभकामनाएं प्रेषित की थीं। रणधीर कपूर, रणबीर कपूर, ऋषि कपूर सहित बच्चन परिवार तो राजन नंदा को बधाई देने स्वयं पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें: चाचा की मौत से दुखी ऋषि कपूर शूटिंग छोड़ मुंबई रवाना, लड़खड़ा रही थी जुबां
यह भी पढ़ें: जानें- हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा अवॉर्ड लेने दिल्ली क्यों नहीं आए थे शशि कपूर