शाहीनबाग के प्रदर्शनकारी भाजपा में हुए शामिल, पार्टी ज्वाइन कर पीएम मोदी के लिए कहीं ये बातें
राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल दिल्ली के सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता शहजाद अली डॉ. मेहरीन और आप की कार्यकर्ता तबस्सुम हुसैन सहित शाहीनबाग के कई लोग भाजपा में शामिल हुए।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनसीआर) के विरोध के नाम पर शाहीनबाग में करीब तीन माह तक विरोध प्रदर्शन करने वालों का अब इस आंदोलन से मोहभंग होने लगा है। प्रदर्शन में शामिल रहे राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल दिल्ली के सचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता शहजाद अली, डॉ. मेहरीन और आम आदमी पार्टी (आप) की कार्यकर्ता तबस्सुम हुसैन सहित शाहीनबाग में रहने वाले कई लोग भाजपा में शामिल हो गए।
पार्टी में हुआ स्वागत
दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने इन सभी का स्वागत किया। मालूम हो कि पिछले वर्ष 15 दिसंबर से शाहीनबाग में प्रदर्शन शुरू हुआ था, जिससे दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों को परेशानी उठानी पड़ी थी। विधानसभा चुनाव में यह बड़ा मुद्दा बना था। कोरोना महामारी के कारण 24 मार्च को पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया था। बाद में भी कुछ लोगों ने फिर से प्रदर्शन शुरू करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। वहीं अब प्रदर्शन में शामिल लोग कांग्रेस, आम आदमी पार्टी व अन्य दलों पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगा रहे हैं।
राजनीतिक दलों ने लोगों को सीएए और एनसीआर पर गुमराह किया
शहजाद अली ने कहा, राजनीतिक दलों ने अपने फायदे के लिए लोगों को सीएए और एनसीआर पर गुमराह किया है। भाजपा के खिलाफ लोगों को खड़ा किया गया। केंद्र सरकार सबका साथ सबका विकास को आधार मानकर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। जाजू ने कहा कि हर वर्ग व समुदाय को एक सूत्र में जोड़कर मोदी सरकार ने देश के विकास को एक नई गति प्रदान की है।
वहीं आदेश गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार पर सभी धर्म के लोगों का विश्वास है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं किसी भी धर्म या जाति पर केंद्रित नहीं होती हैं। सभी को इन योजनाओं का लाभ मिलता है। कार्यक्रम का संयोजन भाजपा नेता निगहत अब्बास ने किया। इस अवसर पर मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा व दिल्ली भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष मुहम्मद हारुन मौजूद थे।