आशु बाबा सहित सात लोगों पर दुष्कर्म का आरोप, महिला बोली- करता था ये काम
अपराध शाखा के सूत्रों ने बताया कि पीड़ित महिला ने पूछताछ के दौरान आशु बाबा, उसके बेटे, बेटे के दोस्त, मैनेजर व तीन अन्य कर्मियों सहित कुल सात लोगों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
नई दिल्ली [जेएनएन]। आशु बाबा की गिरफ्तारी के बाद नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि महिला और उसकी बेटी से बाबा सहित सात लोगों ने दुष्कर्म किया है। अपराध शाखा के सूत्रों ने बताया कि पीड़ित महिला ने पूछताछ के दौरान आशु बाबा, उसके बेटे, बेटे के दोस्त, मैनेजर व तीन अन्य कर्मियों सहित कुल सात लोगों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। अपराध शाखा इसकी जांच में जुट गई है। वहीं, इस संबंध में बाबा और उसके बेटे से पूछताछ कर आरोपों की जांच की जा रही है।
गहन जांच में जुटी पुलिस
उधर शुक्रवार को पुलिस ने बाबा के बेटे से छह घंटे तक पूछताछ की। माना जा रहा है कि उसे कभी भी पुलिस गिरफ्तार कर सकती है। पुलिस इस मामले में पांच आरोपियों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भी भेज चुकी है। साथ ही आरोपों की जांच के लिए वारदात के वक्त आरोपियों की लोकेशन और कॉल डिटेल इत्यादि की जांच भी जारी है।
तीन दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया
आशु बाबा को शाहदरा जिला पुलिस ने बृहस्पतिवार को गाजियाबाद के राज नगर एक्सटेंशन स्थित एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। बाद में मामले को अपराध शाखा को सौंप दिया गया था। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने देर रात बाबा को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं उसके आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया था। इस मामले में बाबा को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया।
जान से मारने की धमकी
महिला ने आरोप लगाया है कि बाबा दिल्ली स्थित आश्रमों में उनके साथ कई वर्षों से दुष्कर्म कर रहा था। इस दौरान उसके बेटे, दोस्त और कर्मियों ने यौन शोषण किया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर उनकी बेटी को भी नहीं बख्शा।
करोड़ों की संपत्ति का मालिक
पुलिस अधिकारी के मुताबिक आशु बाबा का असली नाम है आसिफ खान और उसके बेटे का नाम समर खान है। आशु बाबा करोड़ों की संपत्ति का मालिक है। उसके नाम से प्रीतमपुरा में मकान, रोहिणी सेकटर-7 में आश्रम और दक्षिण दिल्ली के हौजखास में कार्यालय अादि हैं।
कपड़े उतार कर करता था मालिश
बाबा ने बेटी के इलाज के नाम पर महिला को अपने जाल में फंसाया था। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार महिला की बेटी के पैरों में तेज दर्द रहता था। उसे ठीक करवाने के लिए महिला उसे लेकर आशु बाबा के पास गई थी। वह ठीक करने के लिए उसके कपड़े उतार कर मालिश करता था। कुछ दिन बाद बीमारी बिल्कुल ठीक होने की बात कह बेटी को रोहिणी स्थित आश्रम में ले गया था। वहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया था।