शिवपाल सिंह यादव के इस बयान से खुश हुए होंगे अखिलेश, जानें रामगोपाल को लेकर क्या कहा
लंबे समय से चाचा (शिवपाल यादव) और भतीजे (अखिलेश यादव) के बीच चल रही तल्खी लगता है अब धीरे-धीरे खत्म हो रही है।
गाजियाबाद (जेएनएन)। लंबे समय से चाचा (शिवपाल यादव) और भतीजे (अखिलेश यादव) के बीच चल रही तल्खी लगता है अब धीरे-धीरे खत्म हो रही है। पिछले कुछ महीने के राजनीतिक घटनाक्रम इसी बात की इशारा करते हैं। वहीं, ताजा घटनाक्रम में प्रो. रामगोपाल यादव के साथ रिश्तों में खटास खत्म होने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि हमारे बीच कभी विवाद नहीं रहा। परिवार में कोई झगड़ा नहीं। हम सब एक हैं। यह बात कहते उन्होंने इस बात को टाल दिया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गाजियाबाद में दयानंद नगर स्थित वरिष्ठ सपा नेता नाहर सिंह यादव के आवास पर शनिवार दोपहर करीब एक बजे निजी कार्यक्रम के तहत पहुंचे थे।
पत्रकारों से रूबरू होने के दौरन यूपी के पूर्व मंत्री समाजवादी के कद्दावर नेता शिवपाल सिंह यादव ने पीएम मोदी के साथ सीएम योगी सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा दोनों की वजह से देश और उत्तर प्रदेश बर्बाद हो रहा है।
8 नवंबर, 2016 में हुई नोटबंदी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक व्यवस्था ठप हो गई है। दो हजार रुपये का नोट भाजपाइयों ने मार्केट से गायब कर दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया है। कालेधन को वापस लाने की बात कहकर नोटबंदी जैसा फैसला लेकर देश की अर्थव्यवस्था को ठप करने का काम केंद्र सरकार ने किया। इस सरकार में किसान, मजदूर, व्यापारी हर वर्ग परेशान हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में जनताजवाब देगी। महागठबंधन पर शीर्ष नेतृत्व फैसला लेगा।