संजय मित्तल को बनाया गया ट्रैफिक वेलफेयर एंड रोड सेफ्टी फाउंडेशन का प्रदेश संयोजक
संजय मित्तल को उनके इस मनोनयन के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने भी अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। समाजसेवी एवं व्यवसायी संजय मित्तल (कैलाश चंद वर्क चांदनी चौक वाले) को ट्रैफिक वेलफेयर एवं रोड सेफ्टी फाउंडेशन का दिल्ली एनसीआर के लिए प्रदेश संयोजक चुना गया है। फाउंडेशन मिनिस्ट्री ऑफ कॉर्पोरेट अफेयर्स नई दिल्ली के अंतर्गत पंजीकृत है। संजय मित्तल को उनके इस मनोनयन के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने भी अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
मीडिया से बातचीत में मित्तल ने कहा कि रोजाना सैकड़ों लोगों की जान रोड एक्सीडेंट में चली जाती है। लोगों के अमूल्य जीवन को बचाना और उन्हें ट्रैफिक के नियमों का पालन करवाना ही हमारा लक्ष्य है। सरकार, ट्रैफिक पुलिस, प्रशासन और लोगों के बीच समन्वय का काम भी हम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रोड सेफ्टी पर लोगों को जागृत करने की अत्यंत आवश्यकता है। इसीलिए हम आम जनमानस की सुरक्षा के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे।
मित्तल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या साल दर साल बढ़ती ही जा रही है। इनमें आधी से ज्यादा दुर्घटनाएं तो लोगों काे यातायात नियमों की जानकारी नहीं होने के कारण होती हैं। सड़क पार करने में भी लोग लापरवाही कर जाते हैं। जेब्रा क्रासिंग की अहमियत से भी ज्यादातर लोग अंजान हैं।
दोपहिया वाहन चालक भी ऐसी ही लापरवाही करते हैं। न उन्हें अपनी लेन का पता रहता है और न ही कट लेने में सावधानी बरतते हैं। इस स्थिति में सुधार के लिए केवल चालान कर देना पर्याप्त नहीं है। जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है। हम अपने फाउंडेशन के जरिए जल्द ही इस कमी को पूरा करेंगे। लॉकडाउन खत्म होते ही बाकायदा अभियान चलाकर वाहन चालकों और राहगीरों को सड़क पर चलने के तौर तरीके सिखाए जाएंगे। हर हाल में सड़क दुर्घटनाओं को कम करना ही हमारा लक्ष्य रहेगा।