अब मनचलों को सबक सिखाएगी इलेक्ट्रिक शॉक टॉर्च व सेफ्टी स्टिक, खूबियां हैं खास
बाजारों में इन दिनों महिलाओं की सुरक्षा के लिए इलेक्ट्रिक शॉक टार्च और सेफ्टी स्टिक मौजूद है। इस टॉर्च को सुरक्षा की दृष्टि से विशेष रूप से तैयार किया गया है।
नई दिल्ली [किशन कुमार]। दिल्ली में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध के कारण आज महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रहीं हैं। सूनसान जगह पाकर मनचले छेड़खानी करते हैं। कई बार पीछा कर घर तक का पता लगा लेते हैं। अब मनचलों को सबक सिखाने के लिए बाजारों में इलेक्ट्रिक शॉक टॉर्च व सेफ्टी स्टिक आ गई है। इससे महिलाएं टॉर्च से ही मनचले को शॉक देकर सबक सिखा सकती हैं।
सुरक्षा की दृष्टि से किया गया तैयार
बाजारों में इन दिनों महिलाओं की सुरक्षा के लिए इलेक्ट्रिक शॉक टार्च और सेफ्टी स्टिक मौजूद है। इस टॉर्च को सुरक्षा की दृष्टि से विशेष रूप से तैयार किया गया है। इसमें आगे की तरफ मुहाने पर एक लोहे की पतली सी परत है, जोकि टॉर्च में मौजूद बैटरी युक्त इलेक्ट्रिक सर्किट से जुड़ी है।
खुद की सुरक्षा कर सकती हैं महिलाएं
इलेक्ट्रिक टॉर्च में पीछे की तरफ एक बटन मौजूद है। यदि महिलाएं अपने आसपास किसी तरह का खतरा महसूस करतीं हैं तो वे बटन को चालू कर अपनी सुरक्षा कर सकतीं हैं। बटन के ऑन करते ही इसमें लगी परत में जोरदार करंट पैदा होगा, जोकि मनचलों को शॉक देने के लिए काफी है। इसमें एक बैटरी है, जो चार्ज करने के बाद काफी समय तक चलती है।
खास है यह सेफ्टी स्टिक
महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से बाजार में खास तरह की सेफ्टी स्टिक है, जिसे मोड़कर महिलाएं अपने बैग में भी रख सकतीं हैं। जरूरत पड़ने पर ये आसानी से एक झटके में खुल जाती है। खुद को मुश्किल में पड़ता देख महिलाएं मनचलों को सबक सिखाने के लिए इसे इस्तेमाल कर सकती हैं। टॉर्च की कीमत जहां 600 रुपये है। वहीं सेफ्टी स्टिक की कीमत 500 रुपये है।
छात्राएं खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं
कश्मीरी गेट इलाके में बिक रही इलेक्ट्रिक शॉक टॉर्च व सेफ्टी स्टिक को अंबेडकर विश्वद्यिालय में पढ़ने वाली छात्राएं भी खरीद रहीं हैं। एक छात्रा ने बताया कि कई बार घर में जाने में देरी हो जाती है। ऐसे में खुद को असुरक्षित महसूस करती हूं। ऐसे में विश्वविद्यालय के पास इस तरह की वस्तुओं का मिलना एक तरह से छात्राओं की सुरक्षा के लिहाज से अच्छा है। इससे छात्राएं खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं।