'महिला दिवस तक महिलाओं के खाते में आएंगे 2500 रुपये', PM मोदी ने किया बड़ा एलान
पीएम मोदी ने कहा वसंत पंचमी से मौसम बदलना शुरू हो जाता है। पांच फरवरी को दिल्ली में विकास का नया वसंत आने वाला है। दिल्लीवासी इस बार मोदी को सेवा का मौका दें। मोदी की गारंटी है कि वह उनकी परेशानी दूर करने के लिए अपने आप को खपा देगा। मतदान से पहले ही झाड़ू के तिनके बिखरने लगे हैं।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपनी अंतिम रैली में आप सरकार पर शब्दों का प्रहार करने के साथ ही, संकल्प पत्र में किए गए वादों को मोदी की गारंटी बताकर उसे पूरा करने का विश्वास दिया। आठ फरवरी को भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं के बैंक खाते में विश्व महिला दिवस तक 2500 रुपये भेजने की घोषणा की।
उन्होंने केंद्रीय बजट में 12 लाख तक आयकर छूट सहित मध्यम वर्ग, कर्मचारियों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों व गरीबों के लिए किए गए प्रविधान की जानकारी देकर उन्हें साधने का प्रयास किया। बजट में बिहार के लिए हुई घोषणाओं को भी मंच से उठाया, क्योंकि दिल्ली में बड़ी संख्या में पूर्वांचली रहते हैं।

आप-दा आई तो पांच वर्ष और बर्बाद हो जाएंगे: PM
आरके पुरम में मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए चौथी व अंतिम चुनावी रैली को संबोधित किया। अरविंद केजरीवाल व उनके सहयोगी मोदी सरकार पर दिल्ली की आप सरकार को काम नहीं करने देने का आरोप लगाते हैं। इसका जवाब देते हुए कहा, आप-दा पार्टी ने दिल्ली के 11 वर्ष बर्बाद कर दिए हैं। दिल्ली को लड़ाई-झगड़े व बहाने बनाने वाली नहीं सेवा करने और दिल्ली को संवारने में ऊर्जा लगाने वाली सरकार चाहिए। दिल्लीवालों ने अगले पांच वर्षों के लिए केंद्र में भाजपा की पक्की सरकार बना दी है। गलती से भी यहां आप-दा सरकार आ गई तो दिल्ली के पांच और वर्ष बर्बाद हो जाएंगे।
दिल्ली में विकास का वसंत आने वाला है: PM
उन्होंने कहा, "वसंत पंचमी से मौसम बदलना शुरू हो जाता है। पांच फरवरी को दिल्ली में विकास का नया वसंत आने वाला है। दिल्लीवासी इस बार मोदी को सेवा का मौका दें। मोदी की गारंटी है कि वह उनकी परेशानी दूर करने के लिए अपने आप को खपा देगा। मतदान से पहले ही झाड़ू के तिनके बिखरने लगे हैं। जनता में आप-दा के प्रति भारी नाराजगी देख इसके नेता पार्टी छोड़ रहे हैं।"
दिल्ली में एक भी झुग्गी नहीं टूटेगी: PM
पीएम ने कहा, "दिल्लीवासियों के गुस्से से घबराकर आपदा पार्टी प्रत्येक घंटे झूठी घोषणा कर रही है। लेकिन, उनकी झूठ का नकाब उतर चुका है। एक तरफ आपदा की झूठी घोषणाएं हैं तो दूसरी तरफ मोदी की गारंटी है। आपदा वाले लोगों में भ्रम फैला रहे हैं। दिल्लीवासियों को उनसे सावधान रहना होगा। मोदी की गारंटी है कि भाजपा की सरकार बनने पर दिल्ली में एक भी झुग्गी नहीं टूटेगी। जनकल्याण की योजनाएं भी जारी रहेगी। भाजपा के संकल्प पत्र में महिलाओं को प्रति माह 2500 रुपये देने का वादा किया गया है। आठ मार्च को महिला दिवस है और उससे पहले दिल्ली के महिलाओं के खाते में पैसे आ जाएंगे। मोदी की गारंटी पर महिलाओं को कारोबार करने के लिए दो करोड़ तक का आसान ऋण मिलेगा।
देश में पहली बार मध्यम वर्ग को इतनी बड़ी राहत: PM
पीएम ने कहा, "मैंने विकसित भारत के निर्माण के लिए गरीब, किसान, नौजवान व नारी शक्ति को मजबूत करने का वादा किया था। केंद्र सरकार का बजट इसे पूरा करने की गारंटी है। पिछले वर्षों में गरीबों को मुफ्त अनाज, मुफ्त इलाज व पक्का घर देने सहित कई सुविधाएं दी गई है। भारत की आर्थिक शक्ति और नागरिकों की कमाई बढ़ रही है। पहले लोगों की कमाई भ्रष्टाचार के भेंट चढ़ जाती थी। अब देशवासियों के कल्याण में यह पैसा लगा रहा है।"
उन्होंने कहा, "देश के विकास में मध्यम वर्ग का बहुत बड़ा योगदान है। 12 लाख रुपये तक की आय को आयकर से मुक्त करने से मध्यम वर्ग के लोगों के हजारों रुपये बचेंगे। नेहरू सरकार में 12 लाख पर आय होने पर इसका एक चौथाई, इंदिरा गांधी की सरकार में 10 लाख रुपये और 10 वर्ष पहले 2.60 लाख रुपये आयकर देना पड़ता था। अब उन्हें एक रुपया भी आयकर नहीं देना होगा।"

सभी के घर में अतिरिक्त पैसा आएगा: PM मोदी
पीएम ने कहा, "सरकारी व निजी कर्मचारियों, पेंशन धारक बुजुर्गों, दुकानदारों सभी के घर में अतिरिक्त पैसा आएगा। आठवें वेतन आयोग से सरकारी कर्मचारियों व पेंशन धारक बुजुर्गों को वेतन व पेंशन बढ़ने के साथ ही आयकर में भी छूट मिलेगी। खर्च करने की उनकी क्षमता बढ़ने से व्यापारियों का कारोबार बढ़ेगा। गिग वर्कर्स को श्रम पोर्टल पर पंजीकरण की सुविधा दी गई है। इससे पांच लाख तक नि:शुल्क उपचार व अन्य सुविधाएं मिलेगी।"
भाजपा सरकार पूर्वांचलियों के विकास के लिए कार्य कर रही: PM
प्रधानमंत्री ने कहा, "जंगल राज वाले और कांग्रेस ने पूर्वांचलियों को नजरअंदाज किया। भाजपा उनके विकास के लिए काम कर रही है। बिहार में मखाना बोर्ड के गठन व आधारभूत ढांचे के विकास की घोषणा से आपदा व कांग्रेस वालों परेशान हैं।"
उन्होंने कहा, "एक तरफ भाजपा लोगों की आय बढ़ा रही है। वहीं, आपदा वालों ने लोगों के जीवन को मुश्किल बना दिया है। वायु प्रदूषण व दूषित पेयजल आपूर्ति से लोग बीमार हो रहे हैं। उन्हें उपचार पर अपनी आय का बड़ा हिस्सा खर्च करना पड़ रहा है। प्रत्येक वर्ग पर आपदा का दुष्प्रभाव पड़ा है। दिल्ली वालों को एेसे संकट से भाजपा ही निकालेगी।"

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।