अकेले रह रहे बुजुर्ग इंजीनियर की घर में घुसकर हत्या, लूटपाट की आशंका
केपी अग्रवाल ने पेशे से इंजीनियर थे। वह गली नंबर-13 एफ ब्लॉक लक्ष्मीनगर में रहते थे। इनकी हत्या हो गई है। पुलिस के अनुसार हत्या में लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।
नई दिल्ली (स्वदेश कुमार)। राजधानी में बुजुर्ग सुरक्षित नहीं हैं। सफदरजंग एंक्लेव में लूटपाट के दौरान बुजुर्ग महिला की हत्या के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि इसी तरह का मामला लक्ष्मीनगर में सामने आ गया। यहां अकेले रह रहे एक बुजुर्ग इंजीनियर की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 75 वर्षीय केपी अग्रवाल केपी अग्रवाल के रूप में हुई है। वह वाशिंग मशीन बनाने वाली कंपनी आइएफबी का सर्विस सेंटर चलाते थे।
घर आने-जाने वालों से हो रही पूछताछ
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव पर किसी तरह के चोट के निशान नजर नहीं आए हैं। यह पता नहीं चल पाया है कि हत्या किस तरह से की गई है। घर और सर्विस सेंटर की अलमारियां खुली मिली हैं। इस वजह से लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। उनके घर में आने-जाने वालों से पूछताछ की जा रही है।
आइएफबी का सर्विस सेंटर चला रहे थे अग्रवाल
जानकारी के मुताबिक केपी अग्रवाल ने पेशे से इंजीनियर थे। वह गली नंबर-13, एफ ब्लॉक, लक्ष्मीनगर में रहते थे। उन्होंने कई बड़ी कंपनियों में नौकरी की थी। सेवानिवृत्ति के बाद अपने घर के भूतल पर वह आइएफबी का सर्विस सेंटर चला रहे थे। उनके इंजीनियर बेटे तुषार दुबई में रहते हैं। रविवार रात तुषार ने पिता को फोन किया तो उन्होंने उठाया नहीं। इसके बाद सोमवार सुबह फिर से फोन किया लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। उन्होंने घरेलू सहायिका को फोन किया। वह घर पर पहुंचीं तो सर्विस सेंटर का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर पहुंचने पर सामान बिखरा हुआ था। पहली मंजिल के कमरे में शव पड़ा हुआ था।
घरेलू सहायिका की मदद से क्राइम का चला पता
घरेलू सहायिका के शोर मचाने पर पड़ोसी जुट गए। 10:30 बजे सूचना पाकर पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सर्विस सेंटर और घर में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियां खुली हुई थीं। इसमें से सामान गायब होने का शक है। इस वजह से लूटपाट के लिए हत्या किए जाने की आशंका है। जांच में पता चला है कि घरेलू सहायिका के अलावा सर्विस सेंटर में चार युवक और एक युुवती काम करते हैं। इन सभी के बारे में पता लगाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मान रही है कि इस वारदात को किसी जानकार ने ही अंजाम दिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के अलावा केपी अग्रवाल की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हत्या रविवार रात किए जाने का अंदेशा है।