दिल्ली : पांडव नगर में लूटपाट के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर चलाई गोली, दो गिरफ्तार
राजधानी के पांडव नगर इलाके में लूटपाट के दौरान अपराधियों ने गोली चला दी। गोली की आवाज सुन कर मौके पर पुलिस पहुंच गई और एक आरोपित को हिरासत में ले लिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली में अपराधियों का तांडव बढ़ गया है। गाजीपुर मुर्गा मंडी के एक आढ़ती के साथ पांडव नगर इलाके में एनएच-9 पर मोटरसाइकिल सवार छह बदमाशों ने लूटपाट की। बताया जा रहा है कि बदमाश अशोक और नरेंद्र के पास से बैग छीनने लगे। इस दौरान विरोध करने पर एक बदमाश ने गोली भी चला दी। गोली पीड़ित के बाजू को छूती हुई निकल गई। लेकिन, गोली की आवाज से पास में गश्त कर रहे पुलिसकर्मी अलर्ट हो गए।
चार बदमाश हुए फरार
जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती चार बदमाश बैग लेकर फरार हो गए। जबकि दो बदमाशों को पुलिस ने धर-दबोचा। बैग में 30 लाख रुपये बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक वह गाजीपुर मुर्गा मंडी में आढ़ती हैं। वह बृहस्पतिवार को दिनभर का कलेक्शन एक बैग में लेकर ऑटो से मंडी से निकले थे। दोपहर करीब साढ़े चार बजे जैसे ही वह आनंद विहार फ्लाईओवर के पास पहुंचे।
तीन मोटरसाइकिल पर आए थे छह बदमाश
तीन मोटरसाइकिलों पर छह बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। उनके हाथ से बैग छीनने लगे। आढ़ती ने विरोध किया तो एक बदमाश ने गोली भी चला दी। इस घटना से आढ़ती सदमे में हैं। आढ़ती के साथ पिछले साल भी 17 लाख रुपये की लूट हुई थी। फिलहाल पुलिस आढ़ती और पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।