Kisan Andolan: बेअदबी को लेकर लखवीर सिंह पर FIR, निहंग जत्थेदार बाबा बलविंदर सिंह ने दी थी शिकायत
हरियाणा पुलिस ने निहंगों के जत्थेदार बाबा बलविंदर सिंह की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस मामले में आरोपित को मौत के घाट उतार दिया गया है। पुलिस पहले से ही मामले के पीछे की साजिश की जांच कर रही है।
नई दिल्ली/सोनीपत, जागरण संवादताता। निहंगों ने मृतक लखबीर सिंह के खिलाफ धार्मिक ग्रंथ से बेअदबी करने की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। उन्होंने इसकी शिकायत रविवार को कुंडली थाना पुलिस को दी थी। पुलिस ने निहंगों के जत्थेदार बाबा बलविंदर सिंह की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस मामले में आरोपित को मौत के घाट उतार दिया गया है। पुलिस पहले से ही मामले के पीछे की साजिश की जांच कर रही है।
कुंडली बार्डर पर 15 अक्टूबर को पंजाब के युवक लखबीर की हत्या कर दी गई थी। उसका शव चौराहे पर लाकर लटका दिया था। इसका आरोप निहंगों पर लगा था। इस मामले में चार निहंगों ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी करने पर उसकी हत्या की गई थी। अब बाबा बलविंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बलविंदर सिंह ने बेअदबी के आरोपों को दोहराते हुए इस मामले के पीछे की साजिश की जांच करने की मांग की है।