यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली के पहले उप महापौर व स्वतंत्रता सेनानी लाला रामचरण अग्रवाल को किया याद
दिल्ली के प्रथम उप महापौर और स्वतंत्रता सेनानी लाला राम चरण अग्रवाल को उनकी जयंती के मौके पर श्रद्धांजलि अर्पित ...और पढ़ें

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। दिल्ली के प्रथम उप महापौर और स्वतंत्रता सेनानी लाला राम चरण अग्रवाल को उनकी जयंती के मौके पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नई दिल्ली के रामचरण चौक (आइटीओ) पर उनको श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस मौके पर पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल, सांसद व प्रदेश कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह, पूर्व सांसद महाबल मिश्रा व दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मुदित अग्रवाल ने श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि देने वालों में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी, कांग्रेस के पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज व कुवंर करन सिंह आदि भी शामिल थे। वहीं, नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि हम बाजारों, व्यापारिक संगठनों, रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) और कर्मचारियों के मुद्दों को हर स्तर पर पारदर्शी तरीके से हल करने के लिए नई कार्य संस्कृति बना रहे हैं। क्षेत्र के नागरिकों की हर समस्या व शिकायत का किसी भी स्तर पर और हर संबंधित विभाग से त्वरित समाधान किया जाएगा।
वे एनडीएमसी की ओर से नई दिल्ली क्षेत्र के व्यापारिक संगठनों के मुद्दों को हल करने के उद्देश्य से पूर्वी किदवई नगर में आयोजित ओपन हाउस सत्र को संबोधित कर रहे थे। यह साउथ मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन, किदवई नगर ईस्ट और एनडीएमसी मार्केट फेडरेशन के सहयोग से आयोजित था। इस मौके पर उपाध्याय के साथ ही सिविल, इलेक्टिकल इंजीनियरिंग, जन स्वास्थ्य और सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया तथा नागरिक सेवाओं से संबंधित मुद्दों, शिकायतों और मामलों को जाना-समझा। इस मौके पर एनडीएमसी के उपाध्यक्ष ने मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
