Delhi CM Rekha Gupta: आज होगा नई सीएम रेखा गुप्ता का शपथग्रहण समारोह, ये विधायक ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ
भाजपा नेता रेखा गुप्ता आज रामलीला मैदान में दिल्ली के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से आरंभ होगा और दोपहर एक बजे समाप्त होगा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लोगों को समय से पहले ही स्थान ग्रहण करने की हिदायत दी गई है। समारोह में आने वाले अतिथियों को 11 बजे से पूर्व अपना स्थान ग्रहण करना होगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रेखा गुप्ता आज रामलीला मैदान में दिल्ली के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से आरंभ होगा और दोपहर एक बजे समाप्त होगा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लोगों को समय से पहले ही स्थान ग्रहण करने की हिदायत दी गई है। समारोह में आने वाले अतिथियों को 11 बजे से पूर्व अपना स्थान ग्रहण करना होगा। दोपहर 12 बजे तक आमंत्रित विशिष्ट अतिथि स्थान ग्रहण कर लेंगे।
पीएम मोदी की मौजूदगी में लेंगी शपथ
पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे.पी.नड्डा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में सीएम पद की शपथ लेंगी।
कार्यक्रम सुबह 11 बजे से आरंभ होगा
रामलीला मैदान और बाहर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के पोस्टर लगाए गए हैं। एसपीजी ने तैयारियों के बाद समारोह स्थल को अपने कब्जे में ले लिया है। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से आरंभ होगा और दोपहर एक बजे समाप्त होगा।
दिल्ली में रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा के साथ ये विधायक ले सकते हैं मंत्रीपद की शपथ....
- आशीष सूद
- मनजिंदर सिंह सिरसा
- रविन्द्र इंद्रराज
- कपिल मिश्रा
- डॉ. पंकज कुमार सिंह
झुग्गी के प्रधान करेंगे पीएम मोदी का स्वागत
समारोह में पीएम मोदी का स्वागत झुग्गी के प्रधानों से कराया जाएगा। इसके माध्यम से दिल्ली के 250 झुग्गी क्लस्टर में भी संदेश देने की तैयारी है। बताया जाता है कि पीएम मोदी को सम्मानित करने के लिए महिला आटो ड्राइवर व कैब ड्राइवरों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन के लिए करीब 30 हजार लोगों को कार्यक्रम के लिए औपचारिक न्यौता भेजा गया है।
27 साल बाद भाजपा की सत्ता में वापसी
दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सत्ता में वापसी हुई है। आठ फरवरी को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही मुख्यमंत्री के नाम का इंतजार किया जा रहा था। नई दिल्ली से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराने वाले पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा और रोहिणी से तीसरी बार विधायक चुने गए विजेंद्र गुप्ता इस पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे।
दिल्ली में आगे बढ़ेगी महिला नेतृत्व की विरासत
दिल्ली में महिला नेताओं का इतिहास रहा है। बीजेपी ने पहली बार अक्टूबर 1998 में सुषमा स्वराज को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया था। वे दो महीने तक इस पद पर रहीं। उनके नेतृत्व में बीजेपी ने 1998 में दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा।
रेखा गुप्ता के राजनीतिक दायित्व
रेखा गुप्ता भाजपा की महिला मोर्चा में पहली राष्ट्रीय मंत्री थी। वर्तमान में महिला मोर्चा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। सतीश उपाध्याय जब प्रदेश अध्यक्ष थे तब उनके साथ वह प्रदेश महामंत्री थी। 2015 में पहला विधानसभा चुनाव लड़ीं लेकिन 10,978 वोट से हार गईं 2020 में वह दूसरी बार विधानसभा चुनाव लड़ीं, लेकिन 3,440 वोट से फिर हार मिली 2025 में वह विधानसभा का तीसरा चुनाव लड़ी और 29,595 वोटों से जीतीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।