रेखा सरकार करेगी तीन दिवसीय तीज मेले का आयोजन, 80 से अधिक स्टॉल लगेंगे; जानें डेट से लेकर वेन्यू तक
दिल्ली सरकार 25 से 27 जुलाई तक दिल्ली हाट पीतमपुरा में तीज मेला आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा उद्घाटन किए जाने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा देना है। मेले में लोकनृत्य संगीत मैजिक शो और विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ 80 से अधिक स्टाल होंगे जो पारंपरिक कला और संस्कृति को प्रदर्शित करेंगे।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक समृद्धि और सामुदायिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजधानी में तीज मेला आयोजित करने जा रही है। यह आयोजन 25 जुलाई से 27 जुलाई तक दिल्ली हाट, पीतमपुरा में किया जाएगा। इस आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री 25 जुलाई की शाम करेंगी। मेले में 26 जुलाई को एक सेलिब्रिटी नाइट का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें लोकप्रिय कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
इस दौरान तीनों दिन दिन-भर लोकनृत्य, लोकगीत, मैजिक शो आदि तीज मेले की शोभा बढ़ाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत, महिला शक्ति और पारंपरिक कलाओं का उत्सव होगा। जिसमें हर पीढ़ी के लिए कुछ न कुछ खास शामिल रहेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष तीज महोत्सव को खास बनाने के लिए आयोजन स्थल को विषय आधारित भव्य सजावट से सजाया जाएगा।
पारंपरिक तीज थीम के अनुरूप तैयार किया जाएगा
पूरे परिसर को पारंपरिक तीज थीम के अनुरूप तैयार किया जाएगा, जिसमें 3-डी एंट्री गेट, रंग-बिरंगे झूमर व लाइट्स, एलईडी और स्पाट लाइट्स का उपयोग किया जाएगा। इस मेले में आने वाले लोगों को डिजिटल अनुभव देने की पूरी तैयारी की गई है। आयोजन स्थल पर कम से कम तीन थीम आधारित सेल्फी बूथ होंगे, जिनमें एक एआर सेल्फी बूथ शामिल रहेगा। इसके साथ ही एआई की मदद से मेहंदी डिज़ाइन चुनने और उसी स्थान पर उसे लगाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
80 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे
मुख्यमंत्री ने बताया कि तीज मेले में पारंपरिक कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 80 से अधिक स्टाल लगाए जाएंगे। इनमें हस्तशिल्प, पारंपरिक कपड़े, चूड़ी, ब्लॉक प्रिंटिंग, एम्ब्रायडरी, मेंहदी और पारंपरिक व्यंजन आदि शामिल होंगे। साथ ही महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और स्टेज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
तीज क्विज और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता प्रमुख रहेंगी
इनमें मेंहदी, रंगोली, बिंदी सजावट, तीज क्वीन, तीज क्विज और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता प्रमुख रहेंगी। इन सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। 27 जुलाई को एक विशेष फैशन वाक का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें मिस तीज 2025 का चयन होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि तीज मेले में महिलाओं के लिए पूरे दिन झूले और फन एक्टिविटीज की व्यवस्था की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।