Delhi Girl Harassment Case: शातिर अपराधी है 12 साल की बच्ची के साथ निर्भया जैसी दरिंदगी करने वाला
Delhi Girl Harassment Case पश्चिमी रेंज की संयुक्त पुलिस आयुक्त शालिनी सिंह ने बताया कि आरोपित पर मंगोलपुरी थाना में वर्ष 2006 में हत्या का मामला दर्ज है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Delhi Girl Harassment Case: पश्चिम विहार वेस्ट थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार कृष्ण शातिर अपराधी रहा है। 33 वर्षीय कृष्ण पर हत्या समते कई संगीन मामले भी दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस की संयुक्त आयुक्त शालिनी सिंह (Shalini Singh, Joint Commissioner of Police) ने बताया कि शातिर अपराधी कृष्ण पर कुल 4 संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें एक हत्या का मामला भी है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ हत्या का प्रयास और पॉक्सो की धारा लगाई गई है। यह भी कहा जा रहा है कि बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद धाराओं में इजाफा हो सकता है।
पूछताछ के दौरान आरोपित कृष्ण ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार शाम को चोरी करने के लिए घर में घुसा था। इस दौरान घर के एक कमरे में बच्ची सो रही थी। इस बीच अचानक उसकी नींद खुल गई। चीखने-चिल्लाने के डर से शातिर आरोपित ने उसके सिर पर सिलाई मशीन दे मारी और मरा समझकर भाग गया।
ऐसे पकड़ा गया शातिर
पुलिस की एक दर्जन टीमें घटनास्थल के करीब दो किलोमीटर के दायरे में लगे 200 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रही थी। तमाम फुटेज के आधार पर पुलिस ने काले रंग की शर्ट पहने एक संदिग्ध पर अपना ध्यान लगाया। तमाम जानकारियों के आधार पर पुलिस मंगोलपुरी तक पहुंच गई और फुटेज के माध्यम से जानकारी जुटाकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पश्चिमी रेंज की संयुक्त पुलिस आयुक्त शालिनी सिंह ने बताया कि आरोपित पर मंगोलपुरी थाना में वर्ष 2006 में हत्या का मामला दर्ज है। इसके अलावा इसपर हत्या के प्रयास व सेंधमारी के तीन मामले दर्ज हैं।
दरिंदगी ने दिला दी निर्भया केस की याद
बता दें कि जिस तरह 12 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी हुई है, उसने 16 दिसंबर, 2012 को हुई निर्भया केस की याद दिला दी है। फिलहाल बच्ची एम्स में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर है।