दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा पंजाब का कुख्यात राजा पहाड़ी, दो पिस्टल, 45 कारतूस बरामद
किराएदार सत्यापन के दौरान ही तिलक नगर थाना पुलिस को सुखा कहलवां गिरोह के दो बदमाशों के बारे में पता चला। स्पेशल टीम ने दोनों बदमाशों को दबोच लिया।
नई दिल्ली। तिलक नगर थाना पुलिस ने पंजाब के कुख्यात सुखा कहलवां गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान रजनीश कुमार उर्फ प्रीत फगवाड़ा 29 व राजा पहाड़ी 35 के रूप में हुई। इनके पास से पुलिस ने दो पिस्टल, 45 कारतूस व चुराई गई एक स्कूटी भी बरामद की है।
हो रहा किराएदारों का सत्यापन
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि दिवाली को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में किराएदार सत्यापन के साथ ही क्षेत्र के अपराधियों पर नजर रखी जा रही है। किराएदार सत्यापन के दौरान ही तिलक नगर थाना पुलिस को सुखा कहलवां गिरोह के दो बदमाशों के बारे में पता चला।
दो बदमाश गिरफ्तार
इस जानकारी के आधार पर तिलक नगर थाना के एसएचओ सत्यप्रकाश के नेतृत्व व एसीपी एचएसपी सिंह की देखरेख में टीम बनाई गई। टीम ने इनपर नजर रखनी शुरु कर दी। टीम ने प्राप्त जानकारी के आधार पर दोनों बदमाशों को दबोच लिया।
इन्हें तिलक नगर के शहीद भगत सिंह पार्क के पास एक नवंबर की मध्य रात्रि को दबोचा गया। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे सुखा कहलवां गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। इन्होंने दोहरे हत्याकांड, हत्या की कोशिश, अपहरण सहित अनेक मामलों में अपनी संलिप्तता की बात पुलिस को बताई।
पंजाब के भगोड़े हैं दोनों
दोनों को पंजाब पुलिस की ओर से भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। इन्हें अपने प्रतिद्वंदी गिरोह के बदमाशों से भी भय था। ऐसे में खुद को बचाने के लिए ये दिल्ली में रहने लगे। पुलिस के अनुसार राजा पहाड़ी पर पंजाब के जालंधर में तीन मामले में दर्ज हैं। वहीं प्रीत फगवाड़ा पर आठ मामले दर्ज हैं।