गर्मी व उमस से राहत की जगी आस, दिल्ली-NCR में बारिश के आसार
अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
ऩई दिल्ली (जेएनएन)। राजधानी में मानसून की दस्तक के दूसरे दिन ही सोमवार को दिन भर हल्की धूप छाई रही और तापमान में विगत तीन दिनों की अपेक्षा बढोतरी दर्ज की गई। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिन तक दोपहर और शाम को हल्की बारिश हो सकती है।
राजधानी में सोमवार की सुबह साढ़े आठ बजे तक 4.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में आद्र्रता का अधिकतम स्तर 98 फीसद तथा न्यूनतम स्तर 59 फीसद दर्ज किया गया।
आद्रता का स्तर अधिक होने के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगले एक सप्ताह तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के मौसम के बारे में सामान्य रूप से बादल छाए रहने तथा दोपहर बाद या शाम तक हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।