दिल्ली-NCR के कई इलाकों में बारिश से लोगों को मिली गर्मी से राहत
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को दोपहर बाद बारिश हुई। गुरुग्राम और दिल्ली के कई इलाकों में बारिश से लोगों को गर्मी से निजात मिली।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को दोपहर बाद बारिश हुई। गुरुग्राम और दिल्ली के कई इलाकों में बारिश से लोगों को गर्मी से निजात मिली। इससे पहले भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई थी।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से आने वाले कई दिनों तक बारिश की वजह से दिल्ली में मौसम सुहावना रहने का अनुमान है। रविवार तक कभी हल्की तो कभी मध्यम स्तर की बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है। साथ ही दिन में तेज हवा भी चलने का अनुमान है। जबकि सोमवार को आंधी के साथ ही हल्की बारिश हो सकती है। मंगलवार एवं बुधवार को बादल छाए रहेंगे।
इस बीच बृहस्पतिवार को सुबह कहीं हल्की तो कहीं झमाझम बारिश हुई। इस बारिश ने गर्मी से कुछ ही देर राहत दी। बाद में धूप निकल आई और उमस फिर से बढ़ गई। अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 62 से 100 फीसद दर्ज किया गया। बारिश सुबह साढ़े आठ बजे तक 10.8 मि.मी. रिकार्ड की गई। सर्वाधिक बारिश पालम में 48.0 मि.मी. हुई। रिज में 28.4, आयानगर में 31.2 और लोधी रोड में 25.4 मि.मी. बारिश हुई।