Move to Jagran APP

कमजोर पड़े मानसून ने बढ़ाया बारिश का इंतजार, जानिये- दिल्ली कब होगी सराबोर?

पूरे सप्ताह उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। 24 जून से पहले गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं हैं। तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

By JP YadavEdited By: Published: Tue, 19 Jun 2018 08:20 AM (IST)Updated: Tue, 19 Jun 2018 08:20 AM (IST)
कमजोर पड़े मानसून ने बढ़ाया बारिश का इंतजार, जानिये- दिल्ली कब होगी सराबोर?
कमजोर पड़े मानसून ने बढ़ाया बारिश का इंतजार, जानिये- दिल्ली कब होगी सराबोर?

नई दिल्ली (जेएनएन)। कहां तो दिल्ली-एनसीआर में समय से पहले मानसून दस्तक देने वाला था। इस बात की भविष्यवाणी भी मौसम विभाग ने कर दी थी, लेकिन उत्तर भारत के कई राज्यों के लोगों की तरह दिल्ली वासियों की फिलहाल आस टूट रही है। दरअसल, समय से पहले दस्तक देने वाले दक्षिण पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। मानसून के कमजोर हो जाने से दिल्ली समेत उत्तर भारत को गर्मी से राहत पाने के लिए अब और इंतजार करना होगा। ऐसे में भीषण गर्मी और उमस का सामना कर रहे दिल्ली के लोगों को फिलहाल राहत नहीं दिखाई दे रही है। 

loksabha election banner

दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के आसार

बता दें कि मौसम विभाग ने अगले पांच-छह दिनों में मानसून के एकबार फिर से जोर पकड़ने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के जोर पकड़ने पर देश के दक्षिणी हिस्से में तेज बारिश होगी। उत्तर पूर्व समेत पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में तेज बारिश के साथ हिमाचल, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में आंधी-तूफान के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।

26 जून से अच्छी बारिश होने की उम्मीद

मौसम विभाग के मुताबिक, 28 मई से 15 जून तक मानसून की रफ्तार तेज रही, लेकिन 15 जून के बाद से मानसून की रफ्तार में सुस्ती देखने को मिल रही है। अनुमान है कि ओडिशा और उत्तर-पूर्व के कुछ हिस्सों में 23 से 24 जून तक अच्छी बारिश होगी। वहीं आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक समेत दक्षिणी प्रायद्वीप के हिस्सों में 26 जून से अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।

इस बार सामान्य रहेगा मानसून

गौरतलब है कि देश में 70 फीसद बारिश के लिए जिम्मेदार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस साल इंतजार नहीं कराया। समय से तीन दिन पहले ही केरल के तटों पर मानसून ने दस्तक दे दी थी। मौसम विभाग ने पिछले महीने 16 अप्रैल को अनुमान जताया था कि इस साल मानसून निराश नहीं करेगा और लगातार चार महीने तक देश के अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छी बारिश होगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि सामान्य मानसून और समय से पहले आया मानसून इस साल खरीफ फसल के लिए वरदान साबित होगा।

दिल्ली वालों को पूरे सप्ताह परेशान करेगी उमस, 24 जून से पहले राहत नहीं

वहीं, इस पूरे सप्ताह उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। 24 जून से पहले गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं हैं। तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 जून तक दिल्ली में नम हवा चलेगी। इससे उमस बनी रहेगी।

सोमवार को नम हवाओं की वजह से तापमान 40 डिग्री से कम रहा। सफदरजंग में तापमान 36.8 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से करीब 3 डिग्री कम है। वहीं पालम का तापमान 38.4 डिग्री रहा। अन्य जगहों पर भी तापमान 38 डिग्री या इससे कम दर्ज हुआ। सुबह करीब साढ़े सात बजे मौसम विभाग ने दिल्ली में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया था।

लोग बारिश का इंतजार करते रहे, लेकिन सफदरजंग के अलावा अन्य किसी जगह न आंधी आई और न बारिश। हालांकि दिन भर बादल छाए रहे।  मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को तापमान 38 और 28 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। मगर इसके बाद तापमान 40 डिग्री के ऊपर पहुंच जाएगा और यह 24 जून तक 41 से 43 डिग्री के बीच रहेगा। सोमवार को हवा में नमी का स्तर 41 से 71 फीसद तक दर्ज हुआ।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.