राहुल गांधी का अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित, ट्वीटर के खिलाफ सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता
ट्वीटर इंडिया ने राहुल गांधी द्वारा 9 वर्षीय दिल्ली की दुष्कर्म और हत्या की पीड़िता के परिजनोें की पहचान जाहिर करने कर उनका अकाउंट अस्थाई तौर पर सस्पेंड कर दिया। इसके खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समूची दिल्ली में प्रदर्शन किया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। ट्वीटर इंडिया द्वारा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का ट्वीटर अकाउंट अस्थाई तौर पर निलंबित करने के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को सड़क पर उतरे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ट्वीटर इंडिया के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर हंगामा किया। गौरतलब है कि ट्वीटर इंडिया ने राहुल गांधी द्वारा 9 वर्षीय दिल्ली की दुष्कर्म और हत्या की पीड़िता के परिजनोें की पहचान जाहिर करने कर उनका अकाउंट अस्थाई तौर पर सस्पेंड कर दिया। इसके खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समूची दिल्ली में प्रदर्शन किया।
इस दौरान दिल्ली पुलिस को प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। इस दौरान महिलाओं ने उग्र प्रदर्शन किया, इसके लिए खास महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
इसके खिलाफ कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया था -'राहुल गांधी का अकाउंट अस्थायी रूप से निलंबित हुआ है और इसकी बहाली के लिए जरूरी पक्रिया चल रही है।’ वहीं, कांग्रेस पार्टी की ओर से कहा गया था- ‘अकाउंट बहाल होने तक वह सोशल मीडिया के दूसरे प्लेटफार्म के साथ आपके साथ जुड़े रहेंगे और लोगों के लिए अपनी आवाज उठाते रहेंगे और उनकी लड़ाई लड़ते रहेंगे। जय हिंद।'
बता दें कि दिल्ली में कथित तौर पर सामूहिक रूप से दुष्कर्म और हत्या के मामले की 9 वर्षीय पीड़िता के माता-पिता से मुलाकात की तस्वीर ट्विटर पर साझा करने के मामले में राहुल गांधी का अकाउंट निलंबित हुआ है। इस बाबत ट्वीटर ने शुक्रवार रात राहुल गांधी के इस पोस्ट को हटा दिया था।
गौरतलब है कि पिछले दिनों जब राहुल गांधी ने इस तस्वीर को साझा किया था तो उसके बाद राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने ट्विटर और दिल्ली पुलिस को पत्र भेजकर इस मामले में कार्रवाई के लिए कहा था।