Delhi News: केजरीवाल सरकार की परिवहन व्यवस्था पर सवाल, बसों की उम्र पूरी होने पर भी करोड़ों खर्च
नई बसों को लाने में सरकार नाकाम रही है। इसलिए वह पुरानी बसों को चला रही है। उन्होंने कहा कि आप सरकार ने लोगों को स्वच्छ जल घर-घर पहुंचाने से लेकर सीसीटीवी लगवाने के सपने दिखाए लेकिन सपने पूरे न होने से लोग सरकार से निराश हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी ) के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने जनपथ, रोज गार्डन और बंगाली मार्केट इलाके में पोल खोल अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान घर-घर संपर्क करते हुए उपाध्याय ने आप सरकार की परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली में बसें अपनी उम्र पूरी कर चुकी हैं।
इसके बावजूद इन बसों को सड़कों पर चलाकर लोगों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। इन बसों में लगातार आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। इससे कभी भी जान माल का नुकसान हो सकता है। नई बसों को लाने में सरकार नाकाम रही है। इसलिए वह पुरानी बसों को चला रही है। उन्होंने कहा कि आप सरकार ने लोगों को स्वच्छ जल घर-घर पहुंचाने से लेकर सीसीटीवी लगवाने के सपने दिखाए, लेकिन सपने पूरे न होने से लोग सरकार से निराश हैं। वहीं, दिल्ली सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
इसी के तहत जनकपुरी में सरकार की ओर से स्कूल आफ एक्सीलेंसी का निर्माण कार्य चल रहा है। जुलाई तक इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस इलाके का यह दूसरा स्कूल होगा। जबकि, जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र का यह पहला स्कूल है। द्वारका में भी एक स्कूल आफ एक्सीलेंसी है। इसमें छात्रों के लिए पढ़ाई से संबंधित सभी अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। यह बात विधायक राजेश ऋषि ने कही। उन्होंने कहा कि जनकपुरी स्थित डेसू कालोनी में इसका निर्माण किया जा रहा है।
इसमें कक्षा छह से 12वीं तक की पढ़ाई होगी। इसमें सौ कमरे बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा दो एकड़ जमीन की मांग दिल्ली सरकार से की गई है। जमीन मिलते ही यहां पर स्ट्रोटर्फ बिछाकर खेल का मैदान बनाया जाएगा। इसके अलावा रनिंग ट्रैक का भी निर्माण किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेल में आगे रहें। इसके लिए सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा जनकपुरी अतिविशिष्ट अस्पताल में सात अत्याधुनिक आपरेशन थियेटर का निर्माण किया जा रहा है।