Delhi Metro: नए कृषि कानून के विरोध में किसान समर्थक ने मेट्रो में मचाया उत्पात, बांटे पंपलेट
मेट्रो में सवार एक बुजुर्ग शख्स खास तरह के कपड़े पहनकर किसानों के समर्थन में नारे लगाने लगा। जय जवान जय किसान के नारे लगाते हुए वह लोगों से 26 जनवरी को किसानों के समर्थन में उतरने की अपील कर रहा था।
नई दिल्ली [संतोष शर्मा]। किसान आंदोलन के समर्थक प्रचार के लिए मेट्रो को अपना माध्यम बना रहे हैं। कुछ इसी तरह की घटना राजीव चौक और साकेत मेट्रो स्टेशन पर घटी। राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो में एक शख्स ने किसानों के समर्थन में नारे लगाए जबकि साकेत मेट्रो स्टेशन पर एक शख्स पंफलेट बांटता पाया गया। इसकी जानकारी मिलने पर केद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के जवानों ने दोनों को दबोच मेट्रो से उतार दिया। दोनों को मेट्रो पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पहली घटना रविवार की शाम राजीव गांधी मेट्रो स्टेशन पर घटी। मेट्रो में सवार एक बुजुर्ग शख्स खास तरह के कपड़े पहनकर किसानों के समर्थन में नारे लगाने लगा। जय जवान, जय किसान के नारे लगाते हुए वह लोगों से 26 जनवरी को किसानों के समर्थन में उतरने की अपील कर रहा था। मेट्रो में सवार लोगों ने उसका वीडियो भी बना लिया। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। जैसे ही इसकी जानकारी सीआइएसएफ के जवानों को शख्स को दबोच पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अन्य एक घटना सोमवार की सुबह साकेत मेट्रो स्टेशन पर घटी। एक युवक चलती ट्रेन में किसान आंदोलन के समर्थन संबंधित पंफलेट लोगों को बांट रहा था। उसमें किसानों की मांग और नारे इत्यादि लिखे हुए थे। बाद में उसे भी ट्रेन से उतार पुलिस के सुपूर्द कर दिया गया। सीआइएसएफ अधिकारी ने बताया कि शख्स कपड़े के बीच छुपाकर पंफलेट मेट्रो में ले गया था। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है।
दरअसल तीन कृषि कानून के विरोध में किसान दिल्ली की सीमा पर प्रदर्शन कर रहे हैं। 26 जनवरी को वे ट्रैक्टर परेड भी निकालेंगे। आम लोगों को अपने समर्थन में करने के लिए किसानों का समर्थन कर रहे लोग अलग-अलग तरीके से प्रचार कर रहे हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो