प्रियंका का सीनियर नेशनल एथलेटिक चैंपियनशिप के लिए चयन
राज्य स्तरीय एथलेटिक में प्रियंका ने 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, जबकि 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता था।
फरीदाबाद (जेएनएन)। शहर के बेटी प्रियंका का गुवाहटी में होने वाली सीनियर नेशनल एथलेटिक चैंपियनशिप के लिए चयन किया गया है। 26 से 29 जून तक होने वाली प्रतियोगिता में वह 800 और 1500 मीटर दौड़ में हिस्सा लेगी। उनका चयन रोहतक में संपन्न हुई राज्य स्तरीय एथलेटिक मीट में प्रदर्शन के आधार पर किया है।
यह जानकारी देते हुए जिला खेल विभाग के एथलेटिक कोच धर्मेंद्र ने बताया कि राज्य स्तरीय एथलेटिक में प्रियंका ने 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, जबकि 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता था।
प्रियंका के नेशनल एथलेटिक चैंपियनशिप में चयनित होने पर नेहरू कॉलेज के शारीरिक शिक्षा के प्रोफेसर बलबीर दहिया ने बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
विजय यादव इंडिया अंडर-19 टीम के फील्डिंग कोच बने
बीसीसीआइ ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर विजय यादव को इंडिया अंडर-19 क्रिकेट टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। वह एक जुलाई से बेंगलूरु नेशनल क्रिकेट अकादमी में आयोजित होने वाले शिविर में खिलाड़ियों को क्षेत्ररक्षण की बारीकियां सिखाएंगे। इसके बाद टीम दस जुलाई को श्रीलंका दौरे के लिए रवाना होगी।
विजय यादव को जिला क्रिकेट एसोसिएशन के कार्यकारी प्रधान रजत भाटिया ने बधाई दी है। इससे पूर्व विजय यादव इंडिया ए टीम के विदेशी दौरे पर विकेट कीपिंग-फिल्डिंग कोच के रूप में हिस्सा बन चुके हैं। रजत भाटिया का कहना है कि वह टीम के साथ जा रहे हैं। उन्हें पूरी उम्मीद है कि यह टीम श्रीलंका में बेहतर प्रदर्शन करेगी। बता दें कि 49 वर्ष के विजय यादव लेवल-सी कोच हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मोहित शर्मा और आइपीएल क्रिकेटर राहुल तेवतिया उनके ही शिष्य हैं।