Move to Jagran APP

जोरों पर है ईद की तैयारी, बाजार में धूम मचा रहे हैं पाकिस्तानी सूट और अरेबियन बुर्के

ईद को देखते हुए बाजारों की रौनक बढ़ गई है। बाजार में गुजरात के सूरत का अनारकली सूट भी खरीदने को मिल जाएगा। मैक्सी-अरेबियन बुर्का सबसे जुदा है।

By Amit MishraEdited By: Published: Wed, 06 Jun 2018 08:21 PM (IST)Updated: Wed, 06 Jun 2018 08:21 PM (IST)
जोरों पर है ईद की तैयारी, बाजार में धूम मचा रहे हैं पाकिस्तानी सूट और अरेबियन बुर्के
जोरों पर है ईद की तैयारी, बाजार में धूम मचा रहे हैं पाकिस्तानी सूट और अरेबियन बुर्के

नई दिल्ली [जेएनएन]। ईद के अब कुछ दिन बाकी रह गए हैं। बाजार में महिलाओं ने ईद को लेकर खरीदारी शुरू कर दी है। जामा मस्जिद के मीना बाजार, उर्दू बाजार, मटिया महल, चितली कब्र बाजार में रौनक देखते ही बन रही है। इस बार बाजार में बुर्कों की खरीदारी करने को लेकर भी महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ये बुर्के भी ऐसे हैं जो फैशन के अनुकूल तैयार किए गए हैं। गुजरात के सूरत के सूट, अफगानिस्तान का प्लाजो व शरारा और पाकिस्तान का जोर जट लॉग सूट और नेट दुपट्टे वाले सूट की खासी मांग है।

loksabha election banner

मैक्सी-अरेबियन बुर्का बना महिलाओं में चर्चा का विषय

बदलते समय के साथ अब साधारण बुर्कों का दौर चला गया है। इसकी जगह बाजार में बिकते नए प्रकार के बुर्कों ने ले ली है। अब महिलाएं बाजार में फैशन के अनुसार बुर्का खरीदती नजर आ जाएंगी। इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा का विषय मैक्सी-अरेबियन बुर्का बना हुआ है। इसे खरीदने के लिए आपको जेब ढीली करनी पड़ सकती है।

मैक्सी-अरेबियन बुर्का सबसे जुदा

मोहम्मद रिहान बताते हैं कि उनके पास कई प्रकार के बुर्के हैं, जिसमें अनारकली बुर्का, सिलिप दुपट्टा बुर्का, कोटी पैटर्न बुर्का, फ्रॉक बुर्का, प्रिंटेड बुर्का, वेलवेट बुर्का और मैक्सी अरेबियन बुर्का है। ये बुर्के सूट से भी ज्यादा महंगे दामों वाले हैं, लेकिन इनमें मैक्सी-अरेबियन बुर्का सबसे जुदा है। इस बुर्के की सबसे बड़ी खासियत इसका कपड़ा है। इसे पहनने पर ऐसा लगेगा कि आपने सूट के ऊपर बुर्का पहना ही नहीं है। फैशन को ध्यान में रखते हुए इसमें चेन भी लगाई गई है। साथ ही बुर्के पर बारीकी से कढ़ाई हुई है और छोटे-छोटे स्टोन लगाए गए हैं, जो इसे चमकदार बनाते हैं। इसकी कीमत 3200 रुपये है।

बिक रहे रंग-बिरंगे स्टॉल व हिजाब

महिलाएं रंग-बिरंगे स्टॉल व हिजाब की खरीदारी करती नजर आ जाएंगी। अरब के हिजाब की बच्चों में खासी मांग है, वहीं अलग-अलग रंग के शफून के स्टॉल भी बिक रहे हैं। इसमें फिरोजी, गुलाबी, नीला व हरा सहित कई दूसरे रंग मिल जाएंगे। इनकी कीमत 200 रुपये है। कढ़ाई वाले स्टॉल भी बाजार में उपलब्ध हैं।

गुजरात का अनारकली सूट भी बाजार में

बाजार में गुजरात के सूरत का अनारकली सूट भी खरीदने को मिल जाएगा। गुलाबी, संतरी, हरे रंग के अलावा कई दूसरे रंगों में ये अनारकली सूट हैं। इसकी कीमत 800 रुपये है। बाजार में खरीदारी के लिए पहुंची रुबिका ने बताया कि वे यहां पर ईद की खरीदारी के लिए आई हैं। इस बार बाजार में कई प्रकार के बुर्के बिक रहे हैं जो बेहद खूबसूरत दिखाई पड़ते हैं, वहीं बाजार में इतने प्रकार के सूट बिक रहे हैं कि कौन सा खरीदें, चुनाव करना मुश्किल हो गया है, क्योंकि सब बेहद सुंदर है।

पाकिस्तान का जोर जट लॉग सूट बाजार में छाया

मीना बाजार की दुकानों पर महिलाएं पाकिस्तान का जोर जट लॉग सूट को ढूंढ़ते मिल जाएंगी। दुकानदार यासिन बताते हैं कि इस सूट पर जरकन का काम हुआ होता है, जिसे तैयार करने में काफी समय लग जाता है। कढ़ाई होने से यह सूट और ज्यादा खूबसूरत नजर आता है। गर्मी को ध्यान में रखते हुए सूट के सभी हल्के रंग बाजार में उपलब्ध हैं। युवतियां अफगानिस्तान का प्लाजो व शरारा भी खरीद रही हैं, जिसकी कीमत तीन हजार रुपये है। 

यह भी पढ़ें: आखिर हम कर क्या रहे हैं, प्यासी है यमुना किनारे बसी दिल्ली, नहीं संभले तो आएगी 'प्रलय'


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.