किशोरी का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म, अस्पताल में गर्भवती होने का पता चला
15 अगस्त को हर्ष विहार से अगवा कर ग्रेटर नोएडा ले गए थे आरोपित। मेडिकल जांच में पांच माह की गर्भवती निकली पीड़िता। आरोपों की जांच में जुटी पुलिस।
नई दिल्ली (जेएनएन)। पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके से अपहरण कर एक किशोरी से छह दिन तक सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 अगस्त को दो बदमाश किशोरी का अपहरण कर उसे ग्रेटर नोएडा ले गए। यहां 21 अगस्त तक उसे बंधक बनाकर चार लोगों ने दुष्कर्म किया।
गत मंगलवार को किसी तरह पीड़िता उनके चंगुल से निकलकर पुलिस के पास पहुंच गई। यहां से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान पता चला कि किशोरी पांच महीने की गर्भवती है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त डॉ. अतुल कुमार ठाकुर का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय पीड़िता परिवार के साथ हर्ष विहार में रहती है। गत 15 अगस्त को वह अपने छोटे भाई के लिए कुछ सामान लेने घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान दो आरोपितों ने उसे पीछे से दबोच लिया। आरोपियों ने उसके मुंह पर कपड़ा रखकर कुछ नशीला पदार्थ सुंघा बेहोश कर दिया। इसके बाद किशोरी को बाइक पर बैठाकर ग्रेटर नोएडा ले गए।
किशोरी को सूरजपुर इलाके में एक अज्ञात जगह पर रखा गया। मंगलवार शाम को वह किसी तरह आरोपितों के चंगुल से भाग निकली और ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाने पहुंच गई। यहां से हर्ष विहार पुलिस को इसकी जानकारी हुई। पुलिस टीम किशोरी को लेकर दिल्ली आई और जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
एक आरोपित से किशोरी की जान-पहचान है पुलिस के अनुसार जांच में चार आरोपितों के नाम सामने आए हैं। इनमें कुछ के नाबालिग होने की आशंका है। इस वजह से नाम सार्वजनिक नहीं किया गया। पता चला है कि ये चारों हर्ष विहार इलाके में सीवर की पाइपलाइन डालने का काम कर रहे थे और यहां पर किराये के कमरे में रहते थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली किशोरी के साथ एक आरोपित की जान-पहचान हो गई। वह अक्सर कमरे की चाबी पीड़िता के घर देने आता था। आरोप है कि पहले भी उक्त आरोपित ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया था। इसी वजह से वह गर्भवती हो गई।