दिल्ली-NCR में बदला मौसम, धूल भरी आंधी शुरू, शाम तक हो सकती है हल्की बारिश
बुधवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। आज (गुरुवार) को अधिकतम तापमान 23 से 34 डिग्री तक रह सकता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कई दिनों से चल रहे शुष्क मौसम के बीच आज (गुरुवार को) राजधानी में हल्की बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली-एनसीआर में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। दोपहर में मौसम ने करवट ली और धूल भरी आंधी शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में शाम तक हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली एनसीआर में चल रही आंधी, लुबान तूफान का असर है।
मौसम में बदलाव की वजह से बुधवार को तापमान में गिरावट रही। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को हल्की बूंदाबांदी होने और बिजली चमकने की संभावना है। इस वजह से अगले दो दिनों तक तापमान में भी कमी रहेगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। आज (गुरुवार) को अधिकतम तापमान 23 से 34 डिग्री तक रह सकता है।
इस बीच अरब सागर से आ रही हवा की वजह से नमी का स्तर भी बढ़ने लगा है। बुधवार को हवा में नमी का स्तर 50 से 93 फीसद तक रहा। स्काईमेट के अनुसार, 25 सितंबर से दिल्ली का मौसम शुष्क चल रहा है। अब लुबान की सक्रियता और जम्मू कश्मीर में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी राजस्थान में साइक्लॉनिक सर्कुलेशन बन रहा है। यह दिल्ली की तरफ बढ़ रहा है।
यही वजह है कि गुरुवार सुबह से ही दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है। बादल छाने की वजह से दिल्ली में ग्रीन हाउस इफेक्ट की वजह से रात को तापमान में एक से दो डिग्री का इजाफा हो सकता है। 12 अक्टूबर से मौसम दोबारा साफ होने की उम्मीद है।