वीडियो बनाने के उपकरणों की चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार दबोचे
रणहौला थाना पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में नौ सितंबर को शिकायत दर्ज कराई गई थी। आश्रम के महाप्रबंधक ने शिकायत में कहा था कि आश्रम में वीडियो बनाने के उपकरण एक कुटिया में रखे गए थे जो गायब हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए रणहौला थाना पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में नौ सितंबर को शिकायत दर्ज कराई गई थी। आश्रम के महाप्रबंधक ने शिकायत में कहा था कि आश्रम में वीडियो बनाने के उपकरण एक कुटिया में रखे गए थे, जो गायब हैं। आठ सितंबर को कुटिया में ताला बंद था, लेकिन सुबह ताला खुला था और उपकरण गायब थे।
छानबीन के दौरान पुलिस ने आश्रम में काम करने वाले कर्मचारियों व अन्य लोगों के बारे में जानकारी एकत्रित की। पुलिस ने आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। लेकिन फुटेज में कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई। लेकिन पुलिस को इतना जरूर लगा कि यह काम किसी तकनीकी जानकारी का है। इस बीच पुलिस ने आश्रम के एक कर्मचारी रोहित को पकड़ा।
पूछताछ में रोहित से पता चला कि इस मामले में तीन अन्य लोग भी शामिल हैं। इनमें तुषार, दीपक व सौरभ हैं। पुलिस ने एक एक करके सभी को गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चुराए गए उपकरण भी बरामद कर लिए। वहीं, एक अन्य मामले में बाबा हरिदास नगर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान रवि शंकर के रूप में हुई है।
आरोपित ने शराब की खेप को होंडा सिटी कार में छिपाकर रखा था। कार से 15 पेटी शराब बरामद की गई है। गश्त के दौरान बाबा हरिदास नगर थाना के पुलिसकर्मी जब सुरखपुर रोड अकेडमी के पास पहुंचे तो उन्होंने वहां एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार को आते देखा। पुलिस टीम ने कार चालक को रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने कार की रफ्तार तेज कर दी। पर पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया।