जानें, दिल्ली में नेताओं ने किस तरह से मनाया पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन
श्याम जाजू ने कहा कि पीएम ने भारत की राजनीति में एक आमूलचूल परिवर्तन किया है, सरकार किसी वर्ग विशेष के तुष्टिकरण की नीति से नहीं बल्कि सबके विकास के संकल्प से चल रही है।
नई दिल्ली [जेएनएन]। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को दिल्ली भाजपा ने सेवा दिवस के रूप में मनाया। इस उपलक्ष्य मे 14 जिलों में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिर मार्ग स्थित वाल्मीकि मंदिर के सुदर्शन पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली भी शामिल हुए।
सरकार पर कोई दाग नहीं
कार्यक्रम में जेटली ने कहा कि आज हर भारतीय के लिए गर्व की बात है कि देश में ऐसा प्रधानमंत्री है जो राष्ट्रहित को राजनीतिक हितों से अधिक महत्व देता है। यही कारण है कि आज मोदी सरकार केवल प्रशासन में परिवर्तन न करके पूरी व्यवस्था में परिवर्तन कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जिस निर्भीकता एवं पारदर्शिता से कार्य कर रहे हैं उसी का नतीजा है कि पूरी सरकार पर कोई दाग नहीं है।
सबके विकास के संकल्प से चल रही है सरकार
प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि प्रधानमत्री ने भारत की राजनीति में एक आमूलचूल परिवर्तन किया है, अब सरकार किसी वर्ग विशेष के तुष्टिकरण की नीति से नहीं बल्कि सबके विकास के संकल्प से चल रही है। प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने सारा जीवन गरीब कल्याण को समर्पित किया है, वे प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा के स्त्रोत हैं।
जन औषधि केंद्र का लोकार्पण
इसके साथ ही एनडीएमसी के कार्यक्रम में आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री हरदीप पुरी ने सरोजनी नगर में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने पालिका परिषद कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने केशवपुरम में स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। सांसद महेश गिरी ने आनंद विहार बस अड्डे में स्वच्छता अभियान चलाया व मयूर विहार में जन औषधि केंद्र का लोकार्पण किया।
स्वच्छता अभियान चलाया गया
सासद रमेश बिधूड़ी ने दक्षिणी दिल्ली के लाल कुआं में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। सासद डॉ. उदित राज ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लिया। प्रतिपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता रोहिणी सेक्टर-13 एवं 7 में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान में शामिल हुए। संसदीय मंत्री विजय गोयल ने चांदनी चौक इलाके में स्वच्छता अभियान चलाया।
यह भी पढ़ें: 'भाजपा को वोट से ज्यादा मुस्लिमों के विकास की चिंता'
यह भी पढ़ें: पद्म विभूषण से सम्मानित मार्शल अर्जन सिंह को 'भारत रत्न' देने की मांग