दोस्त ने कहा नौकरी चाहिए तो फैक्टरी पर आना, युवती के पहुंचते ही बन गए हैवान, जानें पूरी कहानी
आनंद विहार इलाके में चलती कार में तीन लोगों ने 24 वर्षीय महिला को लोन दिलाने की बात कह सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने अमित को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली, जेएनएन। शाहदरा जिले में दो अलग-अलग जगहों पर लोन और नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आनंद विहार इलाके में चलती फॉर्च्यूनर में तीन लोगों ने 24 वर्षीय महिला को लोन दिलाने की बात कह सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने महिला के एक जानकार युवक बागपत (उत्तर प्रदेश) निवासी अमित को गिरफ्तार किया है।
वहीं दूसरे मामले में फर्श बाजार इलाके में दो आरोपियों ने नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 28 वर्षीय महिला से दुष्कर्म किया। पुलिस केस दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आनंद विहार इलाके की पीड़िता परिवार के साथ फरीदाबाद इलाके में रहती है। परिवार में एक बच्चा व अन्य सदस्य हैं।
पिछले कुछ समय से महिला की पति से लड़ाई चल रही है। उसे घर खरीदने के लिए लोन की जरूरत थी। इसको लेकर उसकी मुलाकात बागपत निवासी अमित से हुई। आरोपित ने पीड़िता को भरोसा दिया कि वह कम ब्याज दर पर लोन दिलवा देगा।
सोमवार शाम को अमित ने पीड़िता को क्रॉस रिवर मॉल के पास पार्किंग में किसी से मिलवाने के लिए बुलाया। पीड़ित का आरोप है कि वहां फॉर्च्यूनर में पहले से दो लोग मौजूद थे, गाड़ी में बैठने के बाद अमित ने कोल्ड ड्रिंक दी, जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई। कार में ही तीनों आरोपियों ने उनके साथ दुष्कर्म किया और बाहर फेंककर फरार हो गए।
राहगीर की मदद से पीड़िता पुलिस के पास पहुंची और घटना के बारे में बताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अमित को गिरफ्तार कर लिया, अन्य की तलाश जारी है। उधर, फर्श बाजार मामले की पीड़िता परिवार के साथ सीलमपुर में रहती है।
उनके परिवार में दो बच्चे व मां हैं, पति से विवाद चल रहा है। वह पति से अलग रहती हैं। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण पीड़िता नौकरी की तलाश कर रही थी। इस दौरान उसकी मुलाकात शकील अहमद उर्फ नेताजी से हुई। शकील ने पीड़िता को फर्श बाजार इलाके में अपने दोस्त नजाकत अली से मिलवाया।
नजाकत फर्श बाजार में फैक्ट्री चलाता है। पीड़िता का आरोप है कि नौकरी की बात करने के लिए गत 10 जनवरी की रात शकील ने उसे नजाकत की फैक्ट्री पर बुलाया। जब वह फैक्ट्री में पहुंची तो नजाकत व शकील ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने पीड़िता को फैक्ट्री से निकाल दिया।
किसी तरह पीड़िता घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर नजाकत अली (42) और शकील (40) को गिरफ्तार कर लिया है।