उधारी के पैसे न देने पर शख्स को मारी गोली, पुलिस की टीमें तलाश में जुटी
कर्ज के पैसे की मांग के दौरान हुई कहासुनी बढ़ जाने के कारण मामला हाथापाई तक पहुंच गया इसके बाद मामले में एक शख्स ने गोली चला दी।
नई दिल्ली [भगवान झा]। जनकपुरी थाना क्षेत्र में पैसों की लेनदेन को लेकर हुए झगड़े में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के ब्रह्मजीत को गोली मारकर घायल कर दिया। आनन-फानन में ब्रह्मजीत को माता चनन देवी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने आरोपितों को दबोचने के लिए करीब आधा दर्जन टीम बनाई है।
10 लाख रुपये लिया था कर्ज
जानकारी के मुताबिक हरियाणा के झज्जर निवासी ब्रह्मजीत उत्तम नगर में अपने बड़े भाई कमलजीत के पास आए थे। कमलजीत ने परमवीर नामक शख्स से दस लाख रुपये कर्ज लिए हुए हैं। शुक्रवार शाम को कमलजीत जनकपुरी ए-1 अपने रिश्तेदार आशीष से मिलने के लिए गए थे। दोनों बातचीत कर रहे थे उसी दौरान परमवीर अपने साथी मनजीत, नवीन उर्फ ढिल्लू व एक अन्य के साथ वहां पहुंच गया और पैसे की मांग करने लगा।
बात बढ़ने पर शुरू हुई हाथापाई
इस दौरान दोनों पक्षों में बात होते-होते हाथापाई होने लगी। इस दौरान कमलजीत ने फोन कर ब्रह्मजीत को घटना की जानकारी दी। आशीष झगड़े को शांत करने की काेशिश कर ही रहे थे कि तभी ब्रह्मजीत वहां पहुंच गए और नवीन के साथ हाथापाई करने लगे।
गोली पेट में जाकर लगी
इसी दौरान आरोपितों में से एक ने ब्रह्मजीत पर तीन गोली चला दी, जिसमें से एक गोली ब्रह्मजीत के पेट में लगी। घटना के बाद परमवीर व उसके साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस को घटनास्थल से खाली कारतूस भी मिले हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्ष एक दूसरे को पहले से जानते हैं। ऐसे में आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
झपटमार पुलिस के हत्थे चढ़ा
आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लूट और झपटमारी करने वाले दो बदमाशों में से एक को वजीराबाद पुलिस ने पीछा करके दबोचा है। आरोपित की पहचान बवाना निवासी सद्दाम के रूप में हुई है। उसके पास से एक मोबाइल और मिर्च पाउडर बरामद किया गया है। उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।