वसुंधरा में चेन छीन भाग रहे बदमाशों को लोगों ने दौड़ा कर पकड़ा, जमकर हुई धुनाई
आरोपी राहगीरों से मोबाइल, पर्स, चेन व अन्य लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। पिछले कई माह से दोनों ट्रांस हिंडन व पूर्वी दिल्ली के इलाकों में लूटपाट की वारदातें कर रहे थे।
गाजियाबाद/साहिबाबाद, जेएनएन। इंदिरापुरम पुलिस ने राहगीरों से लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूटे हुए तीन मोबाइल, तीन सोने की चेन, 20 हजार रुपये, तमंचा, दो कारतूस व दो चाकू बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
लोगों ने पकड़ा बदमाश को
बदमाशों को पकड़ने में आम लोगों ने बड़ी भूमिका निभाई। अब पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही है। इंदिरापुरम थाना प्रभारी निरीक्षक नजीर अली खान ने बताया कि आरोपियों की पहचान अमजद और साजिद निवासी पसौंडा साहिबाबाद के रूप में हुई है।
राहगीरों को बनाते थे
वसुंधरा चौकी प्रभारी जितेंद्र चौहान ने दोनों को शुक्रवार रात वसुंधरा सेक्टर- दो से गिरफ्तार किया। आरोपियों को वसुंधरा गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी राहगीरों से मोबाइल, पर्स, चेन व अन्य लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। पिछले कई माह से दोनों ट्रांस हिंडन व पूर्वी दिल्ली के इलाकों में लूटपाट की वारदातें कर रहे थे।
बाइक से करते थे वारदात
दोनों चोरी की मोटरसाइकिल से वारदात करते थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद 10 लूट की वारदातों का पर्दाफाश हुआ है। दोनों के पास से चोरी की मोटरसाइकिल के साथ, तीन मोबाइल, तीन चेन व दोनों के पास से 10-10 हजार रुपये व सामान बरामद हुआ।
लोगों के पकड़ा, वाहवाही लूट रही पुलिस
ट्रांस हिंडन में लगातार बदमाश लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इन बदमाशों को पकड़ने में फेल साबित हो रही पुलिस वारदातों को भी नहीं रोक पा रही है। इंदिरापुरम पुलिस ने जिन दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उन्हें वसुंधरा स्थित मेवाड़ कॉलेज के पास से स्थानीय लोगों ने पकड़ा था। दोनों आरोपी मोबाइल लूटकर भाग रहे थे।