चिड़ियाघर में फूल रहा लोगों का दम, बच्चे व बुजुर्ग हो रहे परेशान, सांप घर में है बुरा हाल
सांप घर में प्राकृतिक हवा का भी कोई उचित प्रबंध नहीं है। अंदर उमस का माहौल रहता है। इसकी वजह से लोगों को घुटन महसूस होती है।
नई दिल्ली [किशन कुमार]। चिड़ियागर के सांप घर में इन दिनों पहुंचने वाले पर्यटक गर्मी से परेशान हैं। सांप घर में उचित हवा का प्रबंध नहीं होने से यहां आने वाले पर्यटकों को घुटन और बेचैनी जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
गर्मी ने किया बेहाल
चिड़ियाघर में दिल्ली के विभिन्न इलाकों से लोग वन्य जीवों का दीदार करने पहुंचते हैं। कुछ लोग सरीसृप वर्ग के प्राणियों को देखने की इच्छा रख सांप घर पहुंचते हैं। यहां भारतीय अजगर, रैट स्नेक, मॉनिटर लिजार्ड, डायटम स्नेक व कछुआ समेत अन्य प्रजाति के सरीसृप वर्ग के प्राणी मौजूद हैं लेकिन इन दिनों सांप घर पहुंचने वाले लोगों का गर्मी के कारण बुरा हाल है।
प्राकृतिक हवा का प्रबंध नहीं
सांप घर में जो पंखे लगे हैं वह भी न के बराबर हैं। सांप घर में प्राकृतिक हवा का भी कोई उचित प्रबंध नहीं है। अंदर उमस का माहौल रहता है। इसकी वजह से लोगों को घुटन महसूस होती है। ऐसे में सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों व बुजुर्गों को होती है। इसके अलावा यहां पर प्रकाश की भी व्यवस्था ठीक नहीं है।
प्रदर्शनी बोर्डों पर भी रोशनी की व्यवस्था नहीं
परेशानी इस बात को भी लेकर हो रही है कि सरीसृप वर्ग के प्राणियों की जानकारी देने वाले प्रदर्शनी बोर्डों पर भी रोशनी की उचित व्यवस्था नहीं है। जब इस संबंध में चिड़ियाघर निदेशक रेणु सिंह से बात करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।
प्रतिक्रिया
सांप घर में सांपों को देखने का मन था, इसलिए यहां आई थी, लेकिन यहां बाहर के मुकाबले कम हवा है। जिस कारण घुटन भी महसूस हो रही है।
रिचा, छात्रा
दोस्तों के साथ यहां सांपों को देखने के लिए आया हूं। यहां बाहर से ज्यादा गर्मी है। इस कारण बड़ी परेशानी हो रही है। साथ ही एक्जास्ट फैन भी नहीं है।
प्रदीप
हवा न होने के कारण घुटन और बेचैनी हो रही है। रोशनी का भी कोई उचित प्रबंध नहीं है। इस कारण जो सांप के विषय में प्रदर्शनी लगी है, उसमें कुछ समझ नहीं आ रहा है।
विकास
पंखे ठीक तरह से काम नहीं कर रहे हैं, कुछ पंखों की हालत इतनी खराब है कि हवा पूरी तरह से नहीं लग पा रही है। बच्चों को भी परेशानी हो रही है।
संतोष