ऑनलाइन क्लास करने वालों के लिए बना नियम, ऐसा काम किया तो सीधे दर्ज होगी FIR
कोरोना संकट के बीच राज्य सरकार समेत तीनों निगम की कक्षाएं ऑनलाइन हो रही है। इसके लिए प्रत्येक कक्षा के वाट्सएप ग्रुप भी बनाए हैं लेकिन इनमें अगर कोई अश्लील मैसेज डाला तो अभिभावक पर मुकदमा दर्ज हो सकता है।
नई दिल्ली, निहाल सिंह। कोरोना संकट के बीच राज्य सरकार समेत तीनों निगम की कक्षाएं ऑनलाइन हो रही है। इसके लिए प्रत्येक कक्षा के वाट्सएप ग्रुप भी बनाए हैं, लेकिन इनमें अगर कोई अश्लील मैसेज डाला तो अभिभावक पर मुकदमा दर्ज हो सकता है। इसके लिए निगम चेतावनी जारी की है। अगर, कोई भी अभिभावक इस तरह की हरकत करता हैं तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
नरेला जोन में एक अभिभावक ने डाल दिया अश्लील मैसेज
दरअसल, बीते सप्ताह नरेला जोन के एक वाट्सएप ग्रुप में अश्लील वीडियो डाला गया था। इसकी शिकायत शिक्षक ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को की। इस पर विभाग ने तुरंत हरकत में आते हुए अभिभावक के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराने की शिकायत दे दी है। साथ ही आगे के लिए चेतावनी जारी की है कि ऐसा करने पर अन्य खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि निगम के शिक्षक प्रत्येक दिन ऑनलाइन कक्षाएं ले रहे हैं। वहीं पाठ्यक्रम से संबंधित सामग्री वाट्सएप ग्रुप द्वारा साझा की जाती है।
वेतन नहीं मिला तो सात से हड़ताल
इधर, पूर्वी दिल्ली नगर निगम मुख्यालय पर सैकड़ों कर्मचारियों ने वेतन की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सभी कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से घोषणा की कि अगर वेतन की समस्या का समाधान नहीं होता तो वह सात जनवरी से पूर्ण रूप से काम बंद कर हड़ताल पर चले जाएंगे। उत्तरी व पूर्वी दिल्ली नगर निगम के 24 विभागों की आल एंप्लाइज एमसीडी यूनियन कंफेडरेशन ने सैकड़ों की संख्या में कर्मचारियों के वेतन व छह महीने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन न मिलने को लेकर प्रदर्शन किया। कंफेडरेशन के संयोजक एपी खान ने चेतावनी देते हुए कहा है कि पांच महीने से उत्तरी व दो महीने से पूर्वी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है।
सात जनवरी से वह उपराज्यपाल निवास पर प्रदर्शन करते हुए तीनों निगमों में पूर्ण रूप से काम बंद करके हड़ताल करेंगे। इसमें सभी विभाग के कर्मचारी शामिल रहेंगे। इस मौके पर शिक्षक संघ के महासचिव रामनिवास सोलंकी ने कहा कि जब तक वेतन की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, हड़ताल जारी रहेगी। वहीं, शिक्षक नेता महिपाल मावी ने कहा कि दिल्ली सरकार जल्द से जल्द कर्मचारियों का वेतन जारी करे। प्रदर्शन में विक्रम लुक्कड़, विभा सिंह, मोहसिन मंसूरी, अरशद चौधरी, सुमित गोस्वामी, अंकुर डबास, सतेंद्र नगर, जगदीश यादव, प्रदीप सोलंकी, सानंद रावत, दलबीर राठी, रजब अली जुल्फिकार आदि मौजूद रहे।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो