विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

निर्माण कार्य के चलते मूलचंद से लोधी फ्लाईओवर तक एक लेन रही बंद, घंटों जाम में फंसे लोग

By Pradeep ChauhanEdited By:
Published: Fri, 03 Dec 2021 05:16 PM (IST)

लाला लाजपत राय मार्ग पर निर्माण कार्य के चलते मूलचंद से लोधी फ्लाईओवर जाने वाले मार्ग की सिर्फ एक लेन ...और पढ़ें

मूलचंद फ्लाईओवर से सराय काले खां और बारापुला से डीएनडी तक जाम लग गया।
मूलचंद फ्लाईओवर से सराय काले खां और बारापुला से डीएनडी तक जाम लग गया।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। लाला लाजपत राय मार्ग पर निर्माण कार्य के चलते मूलचंद से लोधी फ्लाईओवर जाने वाले मार्ग की सिर्फ एक लेन ही इस्तेमाल की जा रही है। इसके चलते लाला लाजपत राय मार्ग पर लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उधर, बृहस्पतिवार देर शाम वाहनों का दबाव अधिक होने से रिंग रोड पर मूलचंद फ्लाईओवर से सराय काले खां और बारापुला से डीएनडी तक जाम लग गया।

इस दौरान तीन घंटे तक वाहन चालकों को कई किलोमीटर तक जाम का सामना करना पड़ा। दिल्ली यातायात पुलिस ने इंटरनेट मीडिया के जरिये लोगों से लाला लाजपत राय मार्ग का इस्तेमाल न करने की अपील की है। यह मार्ग कब तक बंद रहेगा, इस बाबत संबंधित अधिकारी ने बताया कि सीपीडब्ल्यूडी की ओर से 30 से 45 दिन का समय बताया गया है। सीजीओ कांप्लेक्स में सीआरपीएफ बिल्डिंग में काम चलने के कारण लाला लाजपत राय मार्ग की एक लेन लोधी कालोनी शवदाह गृह के पास धंस गई है।

रोड धंस जाने और निर्माण कार्य के चलते लोधी फ्लाईओवर जाने वाले स्ट्रेच में यातायात के लिए सिर्फ एक लेन ही चालू की गई है। इसके चलते मूलचंद से बारापुला, इंडिया गेट और आइटीओ जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। सीपीडब्ल्यूडी की ओर से जर्सी बैरियर लगाकर एक लेन चालू की गई है, जिसकी वजह से वाहनों का दबाव बढ़ने पर जाम लगता है।

वहीं, दिल्ली सीमापुरी बार्डर पर भी लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यहां सुबह व शाम के समय इतना भयंकर जाम होता है कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासी गौरव कुमार ने बताया कि कई बार अधिकारियों से यातायात व्यवस्था के संबंध में पत्र लिखा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी।