इस शख्स को कार चलाते समय मजाक करना पड़ा महंगा, जान देकर चुकाई कीमत
कार चलाते समय चालक से मजाक करने की कीमत एक युवक को जान देकर चुकानी पड़ी। दरअसल मजाक करने के दौरान कार डिवाइडर से टकरा गई।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कार चलाते समय चालक से मजाक करने की कीमत एक युवक को जान देकर चुकानी पड़ी। दरअसल मजाक करने के दौरान कार डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में जहां चालक से मजाक करने वाले साहिल बजाज (24) की जान चली गई। वहीं चालक सहित पांच अन्य दोस्त जख्मी हो गए।
ये सभी एक दोस्त के जन्मदिन की पार्टी सराय काले खां में मनाने के बाद गीता कॉलोनी जा रहे थे। शिवपुरी, लेबर चौक, गीता कॉलोनी निवासी साहिल स्नातक की पढ़ाई के बाद नौकरी की तलाश कर रहे थे। शनिवार की रात साहिल के दोस्त जीवा का जन्मदिन था। साहिल के अलावा दीपांशु, अभिषेक, हेमंत और जीवा के भाई शिवा ने पहले गीता कॉलोनी में जन्मदिन मनाया।
इसके बाद देर रात सभी लोग हेमंत की कार से सराय काले खां पहुंच गए। वहां खाना खाने के बाद रविवार तड़के 4:00 बजे सभी घर आने के लिए निकले। जीवा ने कार चलाने की जिद की और चालक की सीट पर बैठ गया। बगल में साहिल और अन्य दोस्त पीछे बैठ गए।
तेज रफ्तार में थी कार
अक्षरधाम मंदिर पार करने के बाद साहिल और जीवा मजाक करने लगे। इसी बीच कल्याणपुरी इलाके में ईस्ट विनोद नगर डीटीसी डिपो के सामने एनएच-9 पर चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। इससे इनकी होंडा अमेज कार डिवाइडर से टकराकर गई। हादसे के समय कार की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटे के आसपास थी। इससे डिवाइडर से टकराने के बाद कार तीन बार पलटी खाई। इस बीच कार का गेट किसी तरह खुल गया। इससे साहिल कार से निकलकर सड़क पर गिर गया।
हादसे में सभी छह लोग घायल हो गए, लेकिन साहिल की हालत ज्यादा गंभीर थी। एक ऑटो से उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल जीवा को गिरफ्तार नहीं किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार मातम
साहिल के परिवार में पिता गुलशन बजाज, मां किरण बजाज और दो शादीशुदा बहनें हैं। गुलशन का चांदनी चौक इलाके में लकड़ी की पेटी बनाने का काम है। इकलौते बेटे की मौत से उसके परिवार में मातम पसर गया है। भाई-बहनों में साहिल सबसे छोटा था। साहिल के जीजा सन्नी ने बताया कि उसकी शादी की बात चल रही थी, लेकिन वह पहले नौकरी करना चाहता था। इस वजह से इसे टाल दिया गया था। मौत की खबर मिलने के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।