घर पहुंचाने के बहाने नौवीं की छात्रा से दुष्कर्म, लोकलाज के डर से दो दिन बस स्टैंड में बिताई रात
खजूरी खास इलाके में किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुष्कर्म के बाद युवती को घर से बाहर निकाल दिया। किशोरी डर के कारण दो दिन तक अपने घर नहीं गई।
दिल्ली, जेएनएन। खजूरी खास इलाके में किशोरी को अगवा कर उससे दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुष्कर्म के बाद युवती को घर से बाहर निकाल दिया। किशोरी डर के कारण दो दिन तक अपने घर नहीं गई। उसने सड़कों पर घूमकर और पार्किंग में सोकर रात बिताई। इसके बाद वह करोल बाग में मौसी के घर पहुंची। वहां मामले की सूचना पुलिस को दी गईं।
पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर का कहना है कि अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपित इमरान (25) को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं मजिस्ट्रेट ने किशोरी की उम्र की पुष्टि करने के लिए पुलिस को निर्देश दिए हैं।
किशोरी को फिलहाल आश्रय सुधार गृह में भेजा गया है। 16 वर्षीय पीड़िता का परिवार किराये पर सोनिया विहार इलाके में रहता है। किशोरी सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा है। गत एक जनवरी को वह अपने दो दोस्तों के साथ घूमने के लिए निकली थी। रात करीब आठ बजे सभी दोस्त सोनिया विहार पहुंचे। एक दोस्त की मां किशोरी को उसके घर छोड़ने जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में इमरान बहला फुसला कर घर छोड़ने के बहाने उसे अपने साथ लेकर चला गया। रात में पीड़िता घर नहीं लौटी तो परिजन परेशान हो गए। अगले दिन उन्होंने थाने में इसकी सूचना दी।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। उसके दोनों दोस्तों और महिला से पूछताछ की गई। महिला के बताए हुलिये के आधार पर पुलिस पीड़िता के परिजन को लेकर आरोपित इमरान के घर पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पीड़िता ने बताया कि इमरान ने अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
दो जनवरी की सुबह ही आरोपित ने उसे घर निकाल दिया। इसके बाद वह सड़क पर इधर-उधर घूमती रही। रात उसने पार्किंग के अंदर खड़े ऑटो में सोकर बिताई। अगले दिन शाम को किसी तरह वह करोल बाग में रहने वाली मौसी के घर पहुंच गई। पुलिस कोर्ट के आदेश पर आगे की जांच कर रही है।