अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मनु को LSR कॉलेज में मिला एडमिशन, उपलब्धियां कर देंगी हैरान
हरियाणा की 17 वर्षीय मनु भाखर को अपने अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शन के आधार पर दिल्ली विश्वविद्यालय के बहुचर्चित कॉलेज लेडी श्रीराम में सीधे एडमिशन मिल गया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। 10 मीटर एयर पिस्टल (महिला) में गोल्ड जीतकर इतिहास रचने वाली हरियाणा की 17 वर्षीय मनु भाखर को अपने अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शन के आधार पर दिल्ली विश्वविद्यालय के बहुचर्चित कॉलेज लेडी श्रीराम (Delhi University's Lady Shri Ram College) में सीधे एडमिशन मिल गया है। नियमानुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिनिधित्व करने वाले युवा खिलाडियों को बगैर ट्रायल के सीधे कॉलेजों में प्रवेश दिया जाता है।
मनु भाखर डीयू के कॉलेज लेडी श्रीराम में बतौर राजनीतिक विज्ञान की छात्रा (political science) अध्ययन करेंगी। यहां पर बता दें कि इस अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ने स्पोर्ट्स कोटे के तहत दिल्ली विश्वविद्यालय में आवेदन किया था। यह अलग बात है कि अपने प्रदर्शन के दम पर वह डीयू के किसी भी कॉलेज में प्रवेश पाने की हकदार थीं। लेडी श्रीराम कॉलेज में दाखिले के बाद भारतीय खेल प्राधिकरण (Sports Authority of India) ने ट्वीट कर इस बाबत जानकारी देते हुए बधाई भी दी है।