यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 23, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पहलवान सागर हत्याकांड में ओलंपियन सुशील कुमार दिल्ली से गिरफ्तार, कोर्ट ने 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
Sagar Dhankar murder case दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड के आरोपी ओलंपियन सुशील कुमार को ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड के आरोपी ओलंपियन सुशील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। सुशील के साथ उसका सहयोगी अजय भी गिरफ्तार किया गया है। सुशील कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, ये गिरफ्तारी दिल्ली के मुंडका से हुई है। सुशील पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था जबकि उसके सहयोगी अजय पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित था।
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि ACP अतर सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने सुशील कुमार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसे कोर्ट में हाजिर करवाया जहां से उसे छह दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया है।
पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था सुशील कुमार
पहलवान सागर की हत्या के बाद से फरार सुशील कुमार दिल्ली पुलिस को रोजाना चकमा देने में कामयाब हो रहा था। इससे पहले शनिवार को उसकी गिरफ्तारी की अफवाह भी खूब उड़ी। शनिवार को पंजाब में कुछ लोगों के ट्वीट से यह सूचना वायरल हुई कि सुशील और अजय ने पंजाब पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया है। इसके बाद दोनों को पंजाब पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है। मजेदार बात यह रही कि ट्वीट के आधार पर ही दिल्ली पुलिस के कुछ अधिकारियों ने गिरफ्तारी दावा भी कर दिया, लेकिन शाम होते-होते यह कोरी अफवाह साबित हुआ।
कई राज्यों में पुलिस कर रही थी छापेमारी
पांच मई को सागर की मौत के बाद सुशील अपने अन्य साथियों के साथ फरार हो गया था। इसके बाद सुशील व छह अन्य साथियों के खिलाफ 15 मई को दिल्ली पुलिस ने गैर जमानती वारंट लिया था। दिल्ली पुलिस की करीब 15 टीमें पंजाब के अलग- अलग इलाके में छापेमारी कर रही थी। लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। सुशील व उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस उत्तराखंड व हरियाणा के बहादुरगढ़ सहित कई स्थानों पर दबिश दे चुकी है।
