वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बाथरूम में मिला शव, बेटी ने लगाया हत्या का आरोप
घरेलू सहायिका दरवाजा खोलकर भीतर दाखिल हुई तो उसने कमलेश का शव बाथरूम में पड़ा हुआ देखा। उनके कान से खून का रहा था और कान पर कई जगह चोट के निशान थे।
गाजियाबाद [जेएनएन]। सिहानी गेट थाना क्षेत्र के पटेलनगर तृतीय में एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव मकान के बाथरूम में पड़ा मिला। मृतका के कान से खून आ रहा था और उनके गहने गायब बताए गए हैं। इसके चलते लूट के दौरान हत्या की आशंका जताई जा रही है। जबकि पुलिस मामले को हादसा मानकर चल रही है। पुलिस का कहना है कि हार्टअटैक के कारण महिला बाथरूम में गिरी और इससे उनके कान में चोट लग गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मकान में चल रहा था निर्माण कार्य
पटेलनगर तृतीय में सुखलाल शर्मा परिवार के साथ रहते थे। वह इंजीनियर के पद से रिटायर थे और उनकी पूर्व में मृत्यु हो चुकी है। इसके बाद से यहां उनकी पत्नी कमलेश शर्मा (75) अकेली रहती थीं। उनकी छह बेटियां हैं और सभी की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी बरखा दुग्गल पड़ोस में ही रहती हैं। पिछले कुछ दिनों से कमलेश शर्मा मकान में निर्माण कार्य करा रही थीं।
काम करने पहुंचे मजदूर
शुक्रवार सुबह मजदूर मकान पर काम करने के लिए आए लेकिन भीतर से दरवाजा नहीं खुला। इस पर वह बाहर बैठकर इंतजार करने लगे। इस बीच सुबह करीब आठ बजे घरेलू सहायिका आई और उसने मजदूरों से कमलेश के बारे में पूछा तो मजदूरों ने उसे बताया कि वह काफी देर तक दरवाजा खटखटाते रहे लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं आया। इस पर घरेलू सहायिका दरवाजा खोलकर भीतर दाखिल हुई तो उसने कमलेश का शव बाथरूम में पड़ा हुआ देखा। उनके कान से खून का रहा था और कान पर कई जगह चोट के निशान थे। इसके बाद उसने शोर मचाया जिसके बाद पड़ोसी एकत्र हुए। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजनों ने लगाया जेवर गायब होने का आरोप
मृतका की बेटी बरखा दुग्गल ने हत्या का आरोप लगाते हुए गहने गायब होने की बात बताई है। उनका कहना है कि उनकी मां जेवर पहनने की शौकीन थीं। वह हमेशा पांच से छह तोले सोने के जेवर पहनकर रखती थीं। जब उनका शव बाथरूम में मिला तो उनके शरीर पर जेवर नहीं थे। आरोप है कि लूट के दौरान उनकी हत्या की गई है।
सुबह लगा रही थीं झाड़ू
पुलिस के मुताबिक कमलेश शर्मा की मृत्यु सुबह पांच बजे से आठ बजे के बीच हुई। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया है कि सुबह पांच बजे उन्होंने कमलेश शर्मा को घर के बाहर झाड़ू लगाते हुए देखा था। इसके बाद वह भीतर चली गई थीं। इस दौरान की उनकी मौत हुई है। मामला पूरी तरह से हादसा प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने भी तहरीर में हार्टअटैक की बात लिखकर दी है। पुलिस ने इस तहरीर के आधार पर आईपीसी की धारा 460 के तहत मामला दर्ज किया है।