Delhi Weather News Update: तेज हवाओं से ठंड में इजाफा, 3 दिन बाद और गिरेगा पारा; कोहरे से 22 ट्रेनें लेट
Delhi Weather News Update 22 से 25 दिसंबर के बीच घना कोहरा आने का अनुमान है। इससे धूप भी देरी से निकलेगी जिससे लोगों को ठिठुरन का अहसास होगा।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Weather News Update: दिल्ली-एनसीआर में ठंड में लगातार इजाफा होना जारी है। रविवार सुबह से चल रही हवाओं से लोग कांपते नजर आए। वहीं 25 दिसंबर के बाद पारा एक बार फिर तेजी से नीचे गिरने का अनुमान लगाया जा रहा है।
वहीं, दिल्ली -एनसीआर में शनिवार को घने कोहरे से परेशान रहे लोगों की समस्या अगले कुछ दिनों के दौरान और बढ़ सकती है। रेलवे की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से आने-जाने वाली 22 ट्रेनें देरी से चल रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 25 दिसंबर के बीच घना कोहरा आने का अनुमान है। इससे धूप भी देरी से निकलेगी, जिससे लोगों को ठिठुरन का अहसास होगा।
पिछले कुछ दिनों से पड़ रही कड़ाके की सर्दी के बीच शनिवार को लोगों को आंशिक राहत मिली। धूप खिलने की वजह से न्यूनतम व अधिकतम तापमान में भी मामूली सुधार हुआ है। हालांकि कोहरे की वजह से बीते दो दिन की तरह शनिवार को भी दिल्ली में पालम केंद्र पर दृश्यता 50 मीटर रही। वहीं सफदरजंग में सुबह आठ बजे तक 200 मीटर तक दृश्यता दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 18 डिग्री दर्ज हुआ, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 9.5 डिग्री दर्ज हुआ। हवा में नमी की मात्र 69-100 फीसद के बीच रही। अधिकतम तापमान शुक्रवार के मुकाबले एक-एक डिग्री तो न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री तक रहने की संभावना है। सुबह के समय दृश्यता कोहरे की वजह से कम रहने की उम्मीद जताई गई है। उत्तर पश्चिम से आने वाली ठंडी हवा का असर जारी रहेगा।
बारिश के बाद आज वायु की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद
दिल्ली में वायु प्रदूषण की वजह से हवा की स्थिति खतरनाक बनी हुई है। दिल्ली के कुछ इलाकों में हुई हल्की बारिश की वजह से वायु प्रदूषण में मामूली सुधार देखा गया है। लेकिन, अभी भी स्थित खतरनाक स्तर पर बनी हुई है। हालांकि रविवार को वायु प्रदूषण के स्तर में सुधार की उम्मीद है। शनिवार को दिल्ली में पीएम 2.5 का स्तर 254 रहा। यह शुक्रवार से दो अंक अधिक था। शुक्रवार को पीएम 2.5 का स्तर 252 पर रहा था। जबकि रविवार को यह 241 पर जा सकता है।