भारत-पाक के मौजूदा हालात पर बोले लक्खा, पाकिस्तानी कलाकारों पर लगे पूर्ण प्रतिबंध
भजन गायक लक्खा का मानना है कि जब देश में कलाकारों की कमी नहीं तो पाकिस्तानी कलाकारों को पूरी तरह प्रतिबंधित कर देना चाहिए।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। सुप्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा ने कहा कि पाकिस्तानी कलाकारों पर भारत में पूरी तरह से प्रतिबंध लगा देना चाहिए। हिंदुस्तान में कलाकारों की कोई कमी नहीं है। संगीत का जन्म हिंदुस्तान में ही हुआ था, इसलिए यह हमारे रोम-रोम में है।
लक्खा शनिवार को यहां के सेक्टर चार स्थित स्टेशन उपाधीक्षक वाणिज्य राजेश भार्गव के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी कलाकार हिंदुस्तान का आकर खाते हैं और फिर हमारे देश को ही नीचा दिखाने का घटिया काम भी करते हैं। पुलवामा हमले के बाद मेरा मन भी बेहद दुखी है, लेकिन युद्ध जैसी स्थिति अभी नहीं आनी चाहिए। लक्खा ने कहा हमें देश की आंतरिक सुरक्षा व सीमा की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने की जरूरत है। अंदर बैठे देश के गद्दारों को ढूंढकर पहले उन पर कार्रवाई की जाए।
राम मंदिर की जगह मिले हिंदुओं को
गायक लखबीर सिंह लक्खा ने कहा कि राम मंदिर का मुद्दा अब और अधिक खींचने की जरूरत नहीं है। भगवान राम के मंदिर की जगह हिंदुओं को ही मिलनी चाहिए तथा मस्जिद के लिए अलग से जगह दी जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या ने युवाओं को खोखला कर दिया है। सरकार को इस पर काम करने की जरूरत है। मोदी को मिले दोबारा मौका लखबीर सिंह लक्खा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेहतर काम कर रहे हैं। देश उनके नेतृत्व में विकास कर रहा है। प्रगति के नए मार्ग खुल रहे हैं, इसलिए जनता उन्हें एक बार फिर से मौका दे।