विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Weather: बारिश के बावजूद दिल्लीवालों को उमस से राहत नहीं, IMD ने जारी किया यलो अलर्ट; पढ़ें लेटेस्ट अपडेट

Published: Fri, 04 Jul 2025 11:01 PM (IST)

शुक्रवार को दिल्ली में हल्की बारिश हुई लेकिन उमस बरकरार रही। मौसम विभाग ने शनिवार-रविवार के लिए बारिश का येलो ...और पढ़ें

हल्की वर्षा के बावजूद उमस से नहीं राहत, आज के लिए यलो अलर्ट।
हल्की वर्षा के बावजूद उमस से नहीं राहत, आज के लिए यलो अलर्ट।

HighLights

  1. हल्की बारिश के बावजूद दिल्ली में उमस बरकरार |
  2. शनिवार-रविवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी |
  3. दिल्ली का एक्यूआई 78, हवा संतोषजनक श्रेणी में |

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। शुक्रवार को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में कहीं हल्की और कहीं थोड़ी अच्छी वर्षा हुई। लेकिन उमस भरी गर्मी से तब भी निजात नहीं मिली। पसीने से दिल्ली वासियों का हाल बेहाल ही रहा। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए भी हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में भी कुछ कमी देखने को मिल सकती है।

शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 87 से 59 प्रतिशत रहा। जहां तक वर्षा का सवाल है ताे पालम में 5.2 मिमी, रिज क्षेत्र में 4.4 मिमी, आयानगर में 2.8 मिमी, राजघाट में 0.2 मिमी, पूसा में 21.0 मिमी, नजफगढ़ में 8.0 मिमी, मुंगेशपुर और मयूर विहार में 0.5 मिमी जबकि लोधी रोड पर बूंदाबांदी दर्ज की गई।

शनिवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने के भी आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। रविवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं। इससे तापमान में भी आंशिक गिरावट देखी जा सकती है।

दूसरी ओर दिल्ली की हवा फिलहाल साफ ही चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई 78 दर्ज हुआ। लगातार नौवें दिन यह संतोषजनक श्रेणी में रहा। पंजाबी बाग और विवेक विहार सबसे कम प्रदूषण वाले हाटस्पाट रहे। दोनों ही जगह का एक्यूआई 67 रहा। एनसीआर के शहरों में भी यही स्थिति बनी हुई है। मौजूदा मौसमी परिस्थितियों के बीच अभी इसके लगभग इसी श्रेणी में रहने की संभावना है।

सड़कें, जमीन और हवा साफ करने में जुटे हैं: सिरसा

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के मुताबिक, हम दिन-रात दिल्ली की हवा, जमीन और सड़कें साफ़ करने में जुटे हैं। हर दिन हो रही लैंडफिल की सफाई, हर स्वच्छ हवा वाला दिन इस बात का सबूत है कि हमारे संकल्प और मेहनत का असर हो रहा है।