कोरोना में जरूरतमंदों के लिए मददगार बनी म्यर पहाड़ उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति, बांट रही जरूरत का सामान
म्यर पहाड़ उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति के सदस्य सब्जी वाले रिक्शा चालक व अन्य रेहड़ी पटरी वालों को क्षेत्र में घूम-घूमकर निःशुक्ल मास्क सैनिटाइजर व खाने के पैकेट बांट रहे हैं। अब तक यह लोग 500 जरूरतमंदों की मदद कर चुके हैं।
नई दिल्ली, रितु राणा। कोरोनाकाल में विनोद नगर में रहने वाले उत्तराखंड समाज के लोग जरूरतमंदों के मदद के लिए बढ़ चढ़कर आगे आ रहे हैं। म्यर पहाड़ उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति के सदस्य सब्जी वाले, रिक्शा चालक व अन्य रेहड़ी पटरी वालों को क्षेत्र में घूम-घूमकर निःशुक्ल मास्क, सैनिटाइजर व खाने के पैकेट बांट रहे हैं। अब तक यह लोग 500 जरूरतमंदों की मदद कर चुके हैं। समय-समय पर इसी तरह कोी भी आपदा आने पर समिति के सदस्य मिलकर अपने अपने स्तर पर जरूरतमंदों की मदद करते रहते हैं।
कोरोना काल में 500 जरूरतमंदों की कर चुके हैं मदद
कोरोना काल में समिति के सदस्य मास्क, सैनिटाइजर व खाने के पैकेट वितरित करने के साथ ही जरूरतमंदों को आर्थिक मदद भी दे रहे हैं। संस्था के अध्यक्ष कुंदन भैंसोड़ा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के सभी लोगों को साथ लेकर चलना है और मुसीबत के समय हर किसी की मिलकर मदद करना है। लॉकडाउन के पहले दिन से लेकर अब अनलॉक होने के बाद भी निरंतर लोगों की मदद कर रहे हैं। समिति के सदस्य गणेश गैड़ा ने बताया कि समिति के सभी सदस्य नौकरीपेशा हैं बावजूद इसके अपने काम से समय निकालकर व अपने वेतन का कुछ हिस्सा जमा करके जरूरतमंदों की सेवा के लिए दान देते हैं। सभी के सहयोग से हर सामाजिक कार्य को सफलता मिलती है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में निरंतर क्षेत्र में सब्जी व फल बेचने वाले, रिक्शा चालक व अन्य रेहड़ी पटरी वालों को मास्क, ग्लब्स, सैनिटाइजर व खान के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं।
सामाजिक कार्यों के साथ संस्कृति को भी दे रहे बढ़ावा
पिछले चार वर्षों से सामाजिक कार्यों के साथ यह समिति उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत व बोली को बढ़ावा देने पर भी काम कर रही है। क्षेत्र में होली मिलन समारोह, मकर सक्रांति व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती आ रही है। क्षेत्र के लोग हर कार्य में बढ़ चढ़कर सहयोग करते हैं। कुंदन भैंसोड़ा ने बताया कि समिति के लोग हर तीज-त्योहार को भी बड़ी धूम-धाम से मनाते हैं। इस कार्य में संस्था के अन्य सदस्य योगेश जोशी, सुरेश विनोली, भुवन जुयाल, दिनेश जोशी, महेश शर्मा आदि का भी सहयोग रहता है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो