RakshaBandhan2019: भाजपा नेताओं को मुस्लिम महिलाओं ने बांधी राखियां, लिया ये वचन
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के गौतमपुरी वार्ड के निगम पार्षद केके अग्रवाल को मुस्लिम महिलाओं ने राखी बांधी।
नई दिल्ली, जेएनएन। Raksha Bandhan2019: भाजपा नेताओं के निवास पर पहुंचकर महिलाओं ने उन्हें राखी बांधी। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू के निवास पर बृहस्पतिवार सुबह पहुंचीं मुस्लिम महिलाओं ने उन्हें राखी बांधी। महिलाओं ने एक बार में तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा का धन्यवाद किया। जाजू ने कहा कि महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के लिए सरकार कई कदम उठा रही है।
झुग्गियों में रहने वाली महिलाओं ने दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के आवास पर पहुंचकर उनकी कलाई पर राखी बांधी। तिवारी ने महिलाओं को मिठाई खिलाकर रक्षा बंधन की बधाई दी और उन्हें उनकी सुरक्षा का वचन दिया। कहा कि दिल्ली को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने के लिए वह काम करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई और बहन के प्रेम का अटूट विश्वास और श्रद्धा का त्योहार है। बहनें देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए तैयार रहने वाले वीर जवानों को राखी बांधती हैं। इस बार हजारों मुस्लिम बहनों ने तीन तलाक जैसे समाज के नासूर को खत्म करने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रक्षाबंधन पर राखियां भेजी हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की विभिन्न झुग्गी- बस्तियों में रहने वाले लोगों का दर्द जानने के लिए वह उनके बीच पहुंचते हैं। कई झुग्गियों में रात्रि प्रवास भी किया है, जिससे कि वहां के लोगों खासकर महिलाओं की परेशानी को जानकर उसे हल करने के लिए कुछ कर सकें। उन बस्तियों से रहने वाली महिलाओं ने ही उन्हें राखी बांधी है। वह उनके मान-सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए कृत संकल्प हैं।
निगम पार्षद केके अग्रवाल को बांधी राखियां
रक्षा का वो धागा, जिसमें बहनों का विश्वास होता है एक आस होती है कि भाई हमेशा उनकी रक्षा करेगा। इसी यकीन के साथ रक्षा बंधन पर मुस्लिम महिलाओं ने गौतमपुरी के निगम पार्षद केके अग्रवाल को राखियां बांधी। पार्षद ने भी भाई का फर्ज निभाते हुए मुस्लिम बहनों को उपहार दिए। साथ ही बहनों की हमेशा रक्षा करने का वचन भी दिया।
महिलाओं ने पार्षद से वचन मांगा कि जिस तरह से मोदी सरकार ने तीन तलाक से आजादी दिलाई है, उसी तरह से सरकार उन्हें हलाला से भी आजादी दिलवाए। तीन तलाक के नाम पर समाज में महिलाओं का जो शोषण होता था, वह तलाक बिल आने के बाद से रुक गया है। पति शराब पीने के बाद, गुस्से में तलाक दे दिया करते थे, शादी और महिलाओं को खिलौना बनाया हुआ था। जो काम कोई सरकार ने नहीं कर पाई वह प्रधानमंत्री मोदी ने कर दिखाया, उन्होंने कहा मानना पड़ेगा मोदी है तो सब मुमकीन है।
केके अग्रवाल ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करके सिफारिश करेंगे की हलाला प्रथा को खत्म करने के लिए बिल लाया जाए और इसे तीन तलाक की तरह खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास में यकीन रखती है।
वहीं, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में बृहस्पतिवार को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया गया। कांग्रेस की अनेक महिलाओं ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओंए कार्यकारी अध्यक्षों हारून युसूफ, देवेन्द्र यादव और राजेश लिलौठिया व प्रवक्ता जीतेन्द्र कुमार कौचर की कलाई पर राखी बांधी।
इसके अलावा मुस्लिम महिलाओं ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राखी बांधकर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया।