दिल्ली: अवैध संबंध के चक्कर में गई जान, कारोबारी को गोलियों से भूना
पुलिस के मुताबिक दोस्त की पत्नी के साथ अवैध संबंधों के कारण राशिद की हत्या की गई है। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है।
नई दिल्ली [जेएनएन]। जाफराबाद में गैंगवार की घटना के चार दिन बाद ही सीलमपुर इलाके में दूध कारोबारी को गोलियों से भून दिया गया। मृतक की शिनाख्त राशिद खान (35) के रूप में हुई है। इस हत्या को भी छेनू पहलवान और नासिर गिरोह के बीच गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने इसे खारिज कर दिया है।
पुलिस उपायुक्त डॉ. एके सिंगला के मुताबिक दोस्त की पत्नी के साथ अवैध संबंधों के कारण राशिद की हत्या की गई है। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: शराब के नशे में पिता बन जाता था 'हैवान', पड़ोसी भी बंद कर लेते थे जुबान
जानकारी के मुताबिक राशिद परिवार के साथ मकान नंबर-562, शास्त्री पार्क, सीलमपुर में रहता था। परिवार में उसकी दो पत्नी सूफिया और शब्बो है। पहली पत्नी से तीन साल की एक बेटी है। राशिद घर में डेयरी चलाता था। रविवार शाम को वोट डालने के बाद वह दोस्तों के साथ घूमने लगा। करीब 9 बजे वह घर लौटा। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला बिलाल उसे बुलाकर बुलंद मस्जिद के पीछे पार्क में ले गया।
यहां पहले से मौजूद बदमाशों ने उस पर पीछे से गोलियां बरसा दीं। तीन गोलियां सिर में लगने के बाद राशिद वहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर कुछ लोग पार्क में पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ा था।
यह भी पढ़ें: शर्मनाक! प्रसव पीड़ा से तड़पती रही मंदबुद्धि महिला, इधर से उधर घुमाते रहे डॉक्टर
परिजनों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस की मदद से उसे एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि राशिद के दोस्त की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। हत्या का कारण भी इसे ही माना जा रहा है, वहीं परिजन इससे इन्कार कर रहे हैं। उनका कहना है कि राशिद को फोन पर कुछ दिन से धमकियां मिल रहीं थीं। राशिद की आपराधिक छवि है। उस पर हत्या के प्रयास और लूटपाट का मामला दर्ज है।
खुशियां मातम में तब्दील
राशिद की दूसरी पत्नी शब्बो गर्भवती है। परिजनों के मुताबिक इसी हफ्ते में उसका प्रसव होने वाला है। घर में इसको लेकर खुशी का माहौल था, लेकिन राशिद की मौत से मातम पसर गया है। दोनों पत्नियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दिल्ली महिला आयोग ने दर्ज कराई FIR