झगड़े के दौरान पत्नी की हत्या कर पति पहुंचा थाने, कहा- मैंने पत्नी को मार दिया
छावला थाना क्षेत्र में घरेलू झगड़े के दौरान पति ने गुस्से में पत्नी की गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित खुद थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। छावला थाना क्षेत्र में घरेलू झगड़े के दौरान पति ने गुस्से में पत्नी की गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित खुद थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मृतक की पहचान सुनीता (32) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपित पति नारद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सुनीता पति के साथ नजफगढ़ के प्रेम नगर इलाके में किराये के कमरे में रहती थीं।
परिवार में पति नारद व दो बच्चे हैं। सुनीता घरों में खाना बनाने का काम करती थी और नारद मजदूरी करता है। चार नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि एक शख्स ने पत्नी की हत्या गला घोंटकर हत्या कर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस को महिला बेहोश हालत में फर्श पर पड़ी मिली। उनके गले में चुन्नी बंधी हुई थी। पास में सब्जी काटने वाला टूटा हुआ चाकू, टूटी हुई चूड़ियां मिलीं।
पुलिस ने फौरन महिला को अस्पताल पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मौके पर मौजूद साक्ष्यों की पड़ताल के लिए पुलिस ने क्राइम टीम को बुलाया। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि नारद ने करीब एक महीने से इस कमरे में रह रहा था। चार नवंबर को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। विवाद बढ़ता देख पड़ोसी ने इस बात की जानकारी मकान मालिक को दी।
मकान मालिक का पुत्र जब मौके पर पहुंचा तो देखा कि नारद पत्नी से झगड़ा कर रहा है। उन्होंने नारद को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। नारद ने कहा पत्नी उसकी बात नहीं मानती है। कुछ देर बाद जब वह दोबारा वहां पहुंचे तो देखा नारद की पत्नी मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके गले में चुन्नी बंधी थी।
उनके जाते ही नारद कमरे से बाहर निकला और कहा मैंने पत्नी की हत्या कर दी है और इसके बाद वहां से भाग गया। मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई। कुछ देर बाद एक पुलिसकर्मी नारद को लेकर मौके पर पहुंचा। उसने बताया कि यह शख्स नजफगढ़ थाने में पहुंचकर बताया कि इसने पत्नी को मार दिया है। पुलिस ने आरोपित को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।